बिहार : बिहार की लोकसभा सीट हाजीपुर पर चाचा पशुपति पारस और भतीजे चिराग पासवान की रार खुलकर सामने आ गई है। एक फिर से लोजपा प्रमुख पशुपति पारस ने चिराग पासवान को खुली चुनौती दे दी है। हाजीपुर सीट पर अपनी दावेदारी ठोंकते हुए पारस ने कहा कि अगर आप (चिराग) एनडीए का हिस्सा हो तो NDA का फैसला मानो, नहीं तो बिहार की 40 सीटों पर लड़ जाओ।

पशुपति पारस ने कहा कि अगर हाजीपुर में चिराग अपनी मां को लड़ाएंगे तो हम भी जमुई से किसी और को लड़ा देंगे। उनके ही परिवार से किसी को लड़ा देंगे। उसकी बहन या मां को लड़ा देंगे। खुद को एनडीए का स्थायी सदस्य बताते हुए पारस ने कहा कि में विश्वासी सहयोगी हूं, कोई आदमी बाहर से आता है। कल एनडीए में वह रहेगा या नहीं, इसकी भी कोई गारंटी नहीं है। हाजीपुर से कोई टक्कर में नहीं है। हाजीपुर में हमारी धरती है। मैं हाजीपुर से चुनाव लड़ूंगा ये दर्जनों बार कह चुका हूं, फिर जिसको जहां से लड़ना है वो स्वतंत्र है।

आपको बता दें हाजीपुर की सीट को लेकर दोनों चाचा-भतीजे के बीच लंबे समय से टकराव चल रहा है। पशुपति पारस ने इशारा दे दिया है कि अगर चिराग हाजीपुर सीट पर अपनी मां को उतारेंगे तो वो जमुई सीट से उन्ही के परिवार की बहन या बड़ी मां उम्मीदवार बना सकते हैं। दरअसल, रामविलास पासवान ने दो शादियां की थी। उनकी पहली पत्नी राजकुमारी देवी घर पर रहती हैं जिनकी एक बेटी भी है।

चिराग पासवान रामविलास पासवान की दूसरी पत्नी रीना पासवान के बेटे हैं। हाल ही में चिराग पासवान कहा था कि मैं चाहता हूं कि हाजीपुर सीट से मेरी मां चुनाव लड़ें। जिसके बाद से इस सीट पर चाचा-भतीजा आमने-सामने आ गए हैं। पारस कह चुके हैं कि 2024 लोकसभा चुनाव में दुनिया की कोई ताकत मुझे हाजीपुर से चुनाव लड़ने से नहीं रोक सकती है।