गुलाबी ठंड के शुरू होती ही रुलाने लगा प्याज , 10 दिनों में डबल हुआ दाम

ठंड में लोग तीखे और चटकारे स्वाद के दीवाने होते हैं। ऐसी चीज बनाने के लिए उसमें प्याज की जरूरत पड़ती है। लेकिन गुलाबी ठंड के शुरू होते ही प्याज के भाव गर्म हो गए हैं। पिछले 10 दिन में प्याज के भाव में दोगुना बढ़ोतरी हुई है। प्याज के भाव बढ़ने से लोगों की जेब पर इसका असर पड़ रहा है। जहां पहले लोग एक किलो प्याज खरीदते थे। वहीं, अब मात्रा घटकर 500 ग्राम कर चुके हैं। उपयोग में भी कमी लाए हैं।

1331093 | प्याज पहुंचा 50 पर, और बढ़ सकती है कीमत

खुदरे प्याज के मूल्य की बात करें तो जो प्याज दुर्गापूजा के पंचमी पूजा को 30 से 35 रुपये किलो बिक रहा था। वह अभी 60 रुपये किलो बिक रहा है। खुदरा व्यापारियों की मानें तो अभी इसके भाव में और तेजी आएगी। नवंबर के पहले सप्ताह तक प्याज के भाव 100 रुपये किलो तक जाने के अनुमान हैं। खुदरा व्यापारियों का कहना है हर रोज मूल्य में बढ़ोतरी हो रही है।

स्टॉक में 50 प्रतिशत की कमी

प्याज आलू की मुख्य मंडी मुंदीचक स्थित मिनी मार्केट के व्यापारी अनिल साह ने बताया कि शहर में मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से प्याज भारी मात्रा में आता है। लेकिन पिछले 10 दिनों में वहां के स्टॉक में 50 प्रतिशत तक की कमी आ गई है। जिसके कारण थोक रेट में हर रोज इजाफा हो रहा है। नई फसल की पैदावार भी बारिश के कारण काफी कमजोर हुई है। इस कारण भी रेट में बढ़ोतरी जारी है।

उन्होंने कहा कि अभी प्याज के भाव बढ़ने के ही अनुमान हैं। अगर ऐसी स्थिति रही तो खुदरा प्याज 100 रुपये किलो से अधिक भाव में बिकेगा। वहीं, सब्जी मंडी के गणपत साह ने बताया कि इस बार मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र जैसे इलाकों में जहां से प्याज की खेप अत्यधिक आती है, वहां पर व्यापारियों को प्याज नहीं मिल पा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि भागलपुर के आसपास इलाकों में जो प्याज की खेती होती है, यहां पर भी इस बार स्थिति अच्छी नहीं है। इसलिए प्याज के भाव बढ़ेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading