बिहार के इस जिले के क्रिकेटर का भारतीय अंडर-19 टीम में हुआ चयन

बिहार के समस्तीपुर जिले स्थित ताजपुर प्रखंड के नवोदित क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी (14) चैलेंजर ट्रॉफी प्रतियोगिता में भारत की अंडर-19 बी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन बीसीसीआई द्वारा गुवाहाटी में किया गया है।बता दें कि वैभव इन दिनों बेंगलुरु में चल रहे अंडर-23 मैच में बिहार टीम की ओर से खेल रहे हैं। पिछले माह असम में हुई अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी प्रतियोगिता में बिहार की ओर से खेलते हुए वैभव ने विभन्न राज्यों के विरुद्ध 99.70 के औसत से कुल 360 रन बनाए थे।

एक साल में 10 से अधिक शतक लगा चुके हैं वैभव

इनमें हरियाणा के विरुद्ध 139, असम के विरुद्ध 86, चंडीगढ़ के विरुद्ध 72, आंध्र प्रदेश के विरुद्ध 69 एवं जम्मू कश्मीर के खिलाफ 59 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। उनकी पारी ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। वैभव पिछले एक साल में जिला से लेकर राज्य स्तर तक के मैचों में 10 से अधिक शतक लगा चुके हैं। वैभव स्थानीय प्रशिक्षक ब्रजेश झा की देख-रेख में पटेल मैदान में अभ्यास करते हैं। पिता संजीव सूर्यवंशी भी जिलास्तरीय क्रिकेट खेल चुके हैं, फिलहाल खेती-किसानी करते हैं। वैभव तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर हैं। वे ताजपुर में ही आठवीं के छात्र हैं।

इन लोगों ने दी शुभकामनाएं

वैभव के चयन पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अनुकूल राय के पिता सुधाकर राय, जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारी, बीसीए के पूर्व कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने खुशी व्यक्त किया है और वैभव को शुभकामनाएं दी। सोशल मीडिया पर भी वैभव को बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.