छपरा : बिहार लोक सेवा आयोग ने द्वितीय चरण की शिक्षक भर्ती के लिए सारण जिले में 26 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जिसमें 11 हजार 500 परीक्षार्थी भाग लेंगे। यह परीक्षा सात से 16 दिसंबर तक होगी। परीक्षा एक पाली में दोपहर 12:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक ली जाएगी। सभी श्रेणी की परीक्षा में एक-एक अंक के 150 प्रश्न होंगे। नेगेटिव मार्किंग नहीं है। इसके साथ ही एक ही पेपर में भाषा, सामान्य ज्ञान व संबंधित विषय के प्रश्न होंगे।

भाषा के 30 अंकों में 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। मेधा सूची सामान्य ज्ञान व संबंधित विषय के 120 में प्राप्त अंक के आधार पर बनेगी। बिहार लोक सेवा आयोग का वेबसाइट स्लो चलने के कारण परीक्षार्थियों का प्रवेश पत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहा है। इतना ही नहीं, बीएससी टीआरआई 2.0 परीक्षा प्रवेश पत्र में भारी त्रुटि देखने को मिल रहा है।
शिक्षक अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र में आटोमेटिक किसी और अभ्यर्थी का फोटो अपलोड हो जा रहा है। इससे परीक्षार्थी काफी परेशान है। बीपीएससी द्वितीय चरण शिक्षक बहाली परीक्षा के परीक्षार्थी अमित कुमार ने बताया कि उनकी परीक्षा सात दिसंबर को है। पिछले दो दिनों से प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के प्रयास कर रहे हैं। कल प्रवेश पत्र डाउनलोड हुआ तो उसमें आटोमेटिक एक महिला परीक्षार्थी का फोटो भी अपलोड हो गया।

बीपीएससी को किया मेल
उन्होंने बताया कि जब वह अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने बीपीएससी के वेबसाइट पर जाकर लॉगिन कर आगे बढ़े तो उन्हें अचानक ही प्रोविजनल एडमिट कार्ड के फोटो अपलोड करने वाले आप्शन पर किसी और महिला अभ्यर्थी का फोटो अंकित हुए दिखाई दिया। उन्होंने बीपीएससी को मेल के द्वारा इसकी शिकायत की है।उल्लेखनीय हो कि कक्षा नौवीं 10वीं की परीक्षा आठ दिसंबर को होने जा रही है। परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में हुई त्रुटि के सुधार हेतु परीक्षार्थी परेशान है। अमित कुमार जैसे दर्जनों परीक्षार्थी हैं जिनके प्रवेश पत्र में इस तरह की समस्या आ रही है।
महिला परीक्षार्थी सुष्मिता शर्मा ने बताया कि उनकी परीक्षा सात दिसंबर को है। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने पर उनकी जगह किसी पुरुष परीक्षार्थी का फोटो अपलोड हो गया है। उसे सुधारने के लिए उन्होंने बिहार लोक सेवा आयोग को ईमेल किया। एडमिट कार्ड में त्रुटि के साथ ही डाउनलोड होने में समस्या हो रही है। इसमें सुधार कराने की मांग अभ्यर्थियों ने बिहार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष से की है। ईमेल के माध्यम से उन्होंने आवेदन भी भेजा है।