बिहार के गया स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में 9 दिसंबर को 24वीं पासिंग आउट परेड होना है. जिसमें 128 जैंटलमैन कैडेट कमीशन किए जाएंगे. उससे पूर्व 8 दिसंबर की शाम ओटीए राज्यवर्धन शौर्य ज्ञान संकल्प मैदान में सेना के जाबांज जवानो के द्वारा मल्टी डिस्प्ले एक्टिविटी दिखाया गया. जिसमें फ्लाई पास्ट बाय माइक्रो लाइट, हार्श शो, पैराशूट शो, आर्मी डॉग शो, माइक्रो-लाइट बैनर डिस्प्ले, जिम्नास्टिक, बैंड डिस्प्ले, मार्च पास्ट आदि का हैरतअंगेज कारनामे दिखाए गये.

जमीन से लेकर आसमान तक शौर्य का प्रदर्शन किया गया. पूरे कार्यक्रम के दौरान देश भक्ति के स्लोगन गूंजते रहे. वहीं पैराशूट के सहारे जांबाज कैडेटों ने 6 हजार फीट से छलांग लगाकर हैरतअंगेज कारनामे दिखाए.दर्शक दीर्घा में मौजूद अधिकारी व जेंटलमैन कैडेट के स्वजनों के साथ-साथ अन्य दर्शकों ने उनके शौर्य क्षमता और साहस को सलाम किया. मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले का शुभारंभ माइक्रो लाइट एयरक्राप्ट के द्वारा पुष्पवर्षा के साथ किया गया. उसके बाद एयर शो के तहत फ्लाईपास्ट, स्काई डाइविंग, घुड़सवारी के साथ-साथ बाइक आर्मी डॉग शो, जिम्नास्टिक में कैडेट्स ने हैरतअंगेज कारनामे दिखाए. वहीं, 6 हजार फीट की ऊंचाई से 6 स्पेशल फोर्स के जवान पैराशूट से मैदान पर उतरे तो दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी. शारीरिक दक्षता के एक से बढ़कर एक कारनामों को कैडेटों ने प्रदर्शित किया, जिसमें आग के गोलों के बीच कूद रोमांचकारी रहा. कार्यक्रम का समापन सैन्य बैंड की धुनों व सतरंगी आतिशबाजी के साथ हुआ.
128 जैंटलमैन कैडेट पासिंग आउट परेड के बाद बनेंगे अधिकारी
बता दें कि भारत और मित्र देश भूटान और वियतनाम के 128 जैंटलमैन कैडेट पासिंग आउट परेड के बाद सैन्य अधिकारी बनेंगे. इसमें बिहार के तीन जैंटलमैन कैडेट भी शामिल है. जानकारी हो कि ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी की स्थापना गया में वर्ष 2011 में हुई थी. तब से शौर्य, ज्ञान और संकल्प के साथ इस ओटीए से देश को लगातार सैन्य अधिकारी मिल रहे हैं.