पटनाः दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद एक बार फिर सियासत तेज हो गई है. बिहार भाजपा के नेताओं का कहना है कि सीएम नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव बैठक में हुए फैसले से नाराज चल रह रहे हैं. इसको लेकर राजद सांसद मनोज झा ने भाजपा को लेकर बड़ा बयान दिया है. मनोज झा का कहना है कि भाजपा वाले को भूत आता है, शायद इसी से पता चल गया होगा कि नीतीश कुमार और लालू यादव नाराज चल रहे हैं.

‘प्रधानमंत्री उम्मीदवार को लेकर कोई चर्चा नहीं’
सीएम नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव की नाराजगी का खंडन करते हुए मनोज झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने ही इसकी शुरुआत की थी. लालू यादव इसमें अभिभावक की भूमिका हैं. मनोज झा ने दावा किया है कि इस बार की बैठस में प्रधानमंत्री उम्मीदवार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी मुद्दाविहीन राजनीति करते हैं.
नीतीश कुमार की नाराजगी पर सफाई
दरअसल, मंगलवार को बैठक खत्म होने के बाद ही भाजपा की ओर से नीतीश कुमार की नाराजगी की बात सामने आने लगी. हालांकि जदयू की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई. इस तरह की बात सामने आने पर राजद सांसद मनोज झा ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि जो खबर सीएम नीतीश कुमार को लेकर चलायी जा रही है, वह पूरी तरह से गलत है. राज्यस्तर पर तीन हफ्ते के अंदर सीट शेयरिंग पर चर्चा होगी.

बैठक में क्या हुआ?
मंगलवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक हुई. सीएम नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव शामिल हुए. इसके अलावा बंगाल से ममता बनर्जी, दिल्ली से अरविंद केजरीवाल, झारखंड से हेमंत सोरेन, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरीष्ठ नेता शामिल हुए. शीट शेयरिंग को लेकर चर्चा हुई. पीएम उम्मीदवार को लेकर कोई बात नहीं हुई, हालांकि एक कमेटी बनाई गई है, जिसमें नीतीश कुमार का नाम शामिल नहीं हैं.