नियोजित शिक्षकों को मिलेगा राज्यकर्मी का दर्जा: केके पाठक

गोपालगंज: बिहार के नियोजित शिक्षकों को जल्द ही राज्यकर्मी का दर्जा मिल सकता है. इस बात की तस्दीक खुद शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने कही है. गोपालगंज में डायट सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे केके पाठक ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी शिक्षकों से बात की और कहा कि बीएड योग्यता वाले नियोजित शिक्षकों को घबराने की जरूरत नहीं है हम उनके साथ है.

बोले केके पाठक- ‘जल्द नियोजित शिक्षक बनेंगे राज्यकर्मी’

शिक्षकों को संबोधित करते हुए केके पाठक ने कहा कि आप लोगो कुछ ही दिनों में राज्यकर्मी हो जाएंगे. सरकार ने तो घोषणा की ही है और इसकी प्रक्रिया भी चल रही है. इस दौरान केके पाठक ने शिक्षकों से सवाल जवाब भी किया. उन्होंने पूछा कि आप सभी 9 बजे तक स्कूल आ जाते हैं और शाम पांच बजे तक रहते हैं ना.

मिशन दक्ष की सफलता से खुश दिखे केके पाठक

इस दौरान केके पाठक ने शिक्षकों से पूछा कि मिशन दक्ष के तहत बच्च पढ़ रहे हैं या नहीं? सभी शिक्षकों ने एक साथ कहा कि बच्चे पढ़ रहे हैं सर. इस दौरान केके पाठक ने कहा कि छपरा के एक स्कूल में मैंने देखा कि पांच बजे के बाद भी स्कूल में 250 बच्चे पढ़ रहे थे. मुझे खुशी है कि मिशन दक्ष को लेकर बच्चों और शिक्षकों सभी में उत्साह है.

‘कोर्ट ऑर्डर से घबराना नहीं है’- केके पाठक

केके पाठक ने आगे कहा कि हम आपकी (नियोजित शिक्षक) मदद के लिए हमेशा तत्पर हैं. तरह-तरह के कोर्ट ऑर्डर जो आए हुए हैं उससे आपको घबराना नहीं है. बीएड को लेकर जो कक्षा 1 से 5 तक के लिए कोर्ट का ऑर्डर आया है, उसके लिए चिंता नहीं करना है. हम सरकार की ओर से अपील करने जा रहे हैं. सरकार आप सब के साथ है.

कितने नियोजित शिक्षक हैं और उनकी क्या मांग है?

बता दें कि छठे चरण में बहाल हुए 22 हजार से ज्यादा बीएड योग्यता धारी नियोजित शिक्षक हैं. पटना हाईकोर्ट ने प्राइमरी कक्षा 1 से 5 तक के लिए इन्हें अयोग्य ठहराया है. अब इनकी नौकरी पर खतर मंडरा रहा है. ऐसे में नियोजित शिक्षकों की सरकार से मांग है कि अध्यादेश या कोई कानून इनके लिए बनाया जाए. जिसके बाद सरकार द्वारा बहाल ये टीचर स्कूलों में बच्चों को पढ़ा सकें.

क्या है मिशन दक्ष?

मिशन दक्ष के तहत स्कूल के बाद भी बच्चों को शिक्षा देने की योजना है. केके पाठक के अनुसार स्कूल में टीचर सुबह 9 बजे पहुंच जाएंगे और साढ़े तीन बजे तक बच्चों को पढ़ाएंगे. स्कूल की छुट्टी होने के बाद पढ़ाई में कमजोर बच्चों को स्कूल में 5 बजे तक ट्यूशन दिया जाना है. साथ ही केके पाठक ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इस नियम का पालन हो रहा है या नहीं इसका निरीक्षण करना है. इससे जुड़ा एक लेटर सभी डीएम को भी निर्गत किया गया है.

हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ SLP

पटना हाईकोर्ट द्वारा छठे चरण में नियुक्त बीएड शिक्षकों को अयोग्य घोषित किया है. फैसले के खिलाफ बीएड शिक्षकों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी फाइल किया गया है. वहीं केके पाठक के आश्वासन के बाद 22 हजार नियोजित शिक्षकों ने राहत की सांस ली है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading