नए साल को लेकर महावीर मंदिर में तैयारी पूरी, 20 हजार किलो बनेगा नैवेद्यम

पटना. नए साल 2024 के आगमन को लेकर पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में तैयारी पूरी कर ली गयी है. दरअसल पहली जनवरी को अंग्रेजी नववर्ष का पहला दिन होने के कारण बड़ी संख्या में भक्त महावीर मंदिर में अपने अराध्य का दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने आते हैं. वहीं इस बार 2 जनवरी को नये साल का पहला मंगलवार होने के कारण बड़ी संख्या में भक्त महावीर मंदिर पहुंचेंगे. इन दो दिनों में भक्तों की बड़ी संख्या में आने की संभावना को देखते हुए कई तरह के इंतजाम किए गये हैं. बताया जा रहा है कि दो दिनों के लिए महावीर मंदिर द्वारा 20 हजार किलो नैवेद्यम तैयार किया जाएगा.

Patna Mahavir Mandir Dispute: हनुमानगढ़ी अयोध्या ने पटना महावीर मंदिर पर  ठोका दावा, किशोर कुणाल ने कहा...- Bihar News Hanumangarhi Ayodhya stakes  claim on Patna Mahavir temple nodbk – News18 हिंदी

मंदिर प्रबंधन के अनुसार 31 दिसंबर की सुबह से ही तिरुपति के दक्ष कारीगरों की टीम नैवेद्यम तैयार करने में जुट जाएगी. भारत सरकार का भोग सर्टिफिकेट प्राप्त नैवेद्यम को तिरुपति के 70 से अधिक कारीगर मिलकर बनाएंगे. बता दें, गाय के शुद्ध देशी घी में तैयार किया जानेवाला नैवेद्यम दो विग्रहों वाले प्रसिद्ध महावीर मंदिर का मुख्य प्रसाद है. महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि नये साल के आगमन पर भक्तों के बड़ी संख्या में महावीर मन्दिर आने की परंपरा रही है. इसको देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से पूर्व के अनुभवों के आधार पर आवश्यक तैयारियां कर ली गयी हैं.

अयोध्या से पहुंचेंगे 6 पुजारी

वहीं तीव्रता से भक्तों के प्रसाद आदि चढ़ाने के लिए अयोध्या से 6 पुजारी इस आयोजन के लिए विशेष रूप से आ रहे हैं. एक और दो जनवरी को महावीर मंदिर के गर्भगृह में पर्याप्त संख्या में पुजारी उपस्थित रहेंगे. भीड़ प्रबंधन के लिए महावीर मंदिर के स्वयंसेवक तैनात रहेंगे. इसके अलावा जिला पुलिस-प्रशासन से 120 पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की गयी है. इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को पत्र दिया गया है. भीड़ के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के लिए जिलाधिकारी को भी पत्र भेजा गया है.

सुबह 5 बजे खुल जाएगा मंदिर का पट 

बता दें, 1 जनवरी को अहले सुबह से ही पुलिस के जवानों और पदाधिकारियों की तैनाती महावीर मंदिर में हो जाएगी. भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी भी रहेंगे. इसके अतिरिक्त महावीर मंदिर की ओर से 100 निजी सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे. सुबह 5 बजे से भक्तों के लिए महावीर मंदिर का प्रवेश द्वार खुल जाएगा. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग पंक्तियां होंगी. सुबह 5 बजे जागरण आरती के साथ ही भक्तों के लिए हनुमान जी के दो विग्रहों और राम दरबार वाले मुख्य गर्भगृह का पट खुल जाएगा. भक्त पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद आदि चढ़ाएंगे. नये साल के स्वागत के लिए महावीर मन्दिर के तीनों शिखरों को आकर्षक रौशनी से सजाया जा रहा है. महावीर मन्दिर में आनेवाले भक्तों को कोई कठिनाई न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा. सीसीटीवी कैमरों से सतत् निगरानी रखी जाएगी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading