श्रीकृष्ण चेतना समिति के बुलावे पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। वे भाजपा प्रदेश मुख्यालय व श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके अलावा अन्य आयोजनों में भी भाग लेंगे। मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद डा. मोहन यादव का यह पहला बिहार दौरा है। उनके आगमन को देखते हुए भाजपा ने जोरदार स्वागत की तैयारी की है। पटना एयरपोर्ट पर पार्टी के सैकड़ों नेताओं का जुटान होगा। पटना एयरपोर्ट से सम्मान समारेाह स्थल श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल तक जाने के क्रम में भी डा. यादव का कई स्थानों पर स्वागत किया जाएगा।

इसके बाद श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में उनका अभिनंदन कार्यक्रम होगा। वहां के बाद वे प्रदेश भाजपा कार्यालय आएंगे जहां सांसदों, विधायकों व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बीच मध्यप्रदेश के सीएम इस्कान मंदिर भी जाएंगे, जहां मंदिर के पुजारी की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।
इस्कॉन मंदिर में विशेष आरती का आयोजन
इस्कॉन मंदिर में विशेष आरती का आयोजन हो रहा है, जिसमें डा. मोहन सम्मिलित होंगे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के सम्मान में पटना की सड़कों को पार्टी की होडिंग, बैनर एवं झंडों से सजाया गया है। समाज के लोगों द्वारा उनके स्वागत में कई स्थानों पर तोरण द्वार बनवाए गए हैं।

सुबह 11 बजे पटना के हवाई अड्डे पहुंचेंगे
वे 11 बजे पटना हवाई अड्डे पर पहुंचेगे, जहां पूरे बिहार से आए समाज के प्रबुद्धजन उनका भव्य स्वागत करेंगे। पटना हवाई अड्डा से जुलूस की शक्ल में वे श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल पहुंचेगे, जहां श्रीकृष्ण चेतना विचार मंच के बैनर तले समाज के विभिन्न क्षेत्र से आए लोग उनका अभिनंदन करेंगे। बिहार यदुवंशी एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष भाई सनोज यादव के नेतृत्व में बांसघाट से हजारों यदुवंशी कार्यकर्ता जुलूस लेकर श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल के लिए 12 बजे प्रस्थान करेंगे। संध्या में डा. मोहन भोपाल रवाना हो जाएंगे।