बिहार में बर्फीली पछुआ हवा का प्रभाव 24 जनवरी तक बना रहेगा। न्यूनतम व अधिकतम तापमान में अंतर घटा रहेगा, इस कारण ठंड चरम पर रहेगी। पटना सहित सभी जिलों में घना कोहरा व शीत दिवस को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

जम्मू से भी सर्द रहा बिहार का मौसम
गत पांच दिनों से प्रदेश का मौसम जम्मू शहर से भी सर्द बना हुआ है। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान दूसरे दिन गुरुवार को भी सामान्य से नौ डिग्री नीचे 13.7 डिग्री रहा। इस तरह अधिकतम व न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री में मात्र तीन डिग्री का अंतर था। जबकि जम्मू शहर का अधिकतम तापमान पटना से लगभग छह डिग्री ज्यादा 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
फारबिसगंज सबसे ठंडा शहर
7.0 डिग्री सेल्सियस के साथ फारबिसगंज सबसे ठंडा शहर रहा। जमुई के सिकंदरा में 12.4 मिमी, नवादा के वारसलीगंज में 3.4 मिमी व जमुई में 3.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र ने जमुई, नवादा, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय में 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात व हल्की वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की है।

इंडिगो ने गुरुवार को चार जोड़ी फ्लाइट को रद्द कर दिया
पटना एयरपोर्ट से इंडिगो ने गुरुवार को चार जोड़ी फ्लाइट को रद्द कर दिया। इनमें हैदराबाद, दिल्ली, बेंगलुरु तथा रांची से पटना के बीच आने-जाने वाले विमान हैं। वहीं, आधा दर्जन विमानों का परिचालन देर से हुआ। दरभंगा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई फ्लाइटें रद रहीं।
दिल्ली से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट डायवर्ट
दिल्ली से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की एसजी 751 पुन: दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दी गई। बेंगलुरु से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट की एसजी 495 फ्लाइट वाराणसी के लिए डायवर्ट रही। हालांकि, वहां से इस फ्लाइट को रद कर दिया गया। हैदराबाद से दरभंगा आनेवाली इंडिगो 6इ537 फ्लाइट डायवर्ट होकर कोलकाता पहुंच गई। इसी तरह कोलकाता से दरभंगा आनेवाली इंडिगो, हैदराबाद से दरभंगा आनेवाली इंडिगो 6इ537, मुंबई से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट एसजी 115, दिल्ली से दरभंगा आनेवाली स्पाइसजेट एसजी 8495 फ्लाइट रद्द रही।