खराब मौसम की वजह से मंगलवार को दरभंगा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी 10 फ्लाइटें रद्द हो गईं। इस वर्ष चौथी बार ऐसी नौबत आई है जब दरभंगा एयरपोर्ट से सभी उड़ानें रद्द कर दी गई। इसके पहले 2 जनवरी, 15 जनवरी एवं 17 जनवरी को भी सभी फ्लाइटें रद्द हो गई थीं, जबकि 16 जनवरी को दरभंगा आने-जाने वाली आठ फ्लाइटें रद्द हो गई थी, लेकिन दरभंगा से दिल्ली के लिए एक विमान ने उड़ान भरी थी। जानकारी के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरू, हैदराबाद, मुंबई से आने वाली फ्लाइटें रद्द हो गई। ठंड के बीच काफी यात्री एयरपोर्ट पहुंच गए थे। फ्लाइट रद्द होने की सूचना से एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
विमान कंपनियों ने वेबसाइट पर दी सूचना
हालांकि फ्लाइट रद्द होने की सूचना संबंधित विमानन कंपनियों ने अपनी वेबसाइट पर दी थी, लेकिन इससे पहले ही कई यात्री दरभंगा एयरपोर्ट पहुंच गए थे। बेगूसराय जिला के साहेबपुर कमाल गांव निवासी जीतन भारद्द्वाज ने बताया कि मुंबई जाने के लिए आठ हजार में टिकट फ्लाइट बुक किए थे, ताकि सही समय से पहुंच सके। जब एयरपोर्ट आए तो पता चला कि दरभंगा से मुंबई के लिए विमान उड़ान नहीं भरेगी। इससे उनकी परेशानी बढ़ गई है।

पैसेंजर ने बयां की पीड़ा
सहरसा जिला के नवठा गांव निवासी आफताब आलम को बेंगलुरू जाना था। बताया कि मंगलवार को दोबारा एयरपोर्ट से लौटकर जा रहे है। इसी तरह 18 जनवरी को भी लौटना पड़ा था। पहले से फ्लाइट रद्द होने की सूचना नहीं दी जाती है। तीन-चार हजार रुपये खर्च करके यहां आने के बाद बताया जाता है कि फ्लाइट रद्द हो गई है। बताते हैं कि दरभंगा एयरपोर्ट से व्यावसायिक फ्लाइट की सेवा शुरू हुए तीन वर्ष से अधिक हो गए, लेकिन खराब मौसम में फ्लाइट के आवागमन की व्यवस्था नहीं हो सकी है। ग्राउंड लाइटिंग का कार्य अब तक अधर में है। ऐसे में मौसम खराब होते ही विमान के रद्द होने की आशंका बनी रहती है।