पटना. बिहार के पूर्व सीएम और महान समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को केंद्र की मोदी सरकार ने भारत रत्न देने के फैसला लिया है. केंद्र का ये फैसला 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आया है लिहाजा राजनीति होना तो तय है, खासकर के बिहार में. मोदी सरकार के इस फैसले के कई घंटे बाद राजद की तरफ से प्रतिक्रिया आई है.

बिहार के डिप्टी सीएम और लालू प्रसाद के बेटे तेजस्वी यादव ने सरकार के इस फैसले पर कहा कि ये हमलोगों की पुरानी मांग थी. प्रधानमंत्री विधानसभा के प्रांगण में आए थे तभी यह मांग रखा था. बड़ी खुशी की बात है कि जो शोषित वंचित समाज के बड़े सबसे बड़े पैरोकार रहे हैं, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रहे और बड़े समाजवादी नेता स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिला है. लगे हाथों तेजस्वी ने ये भी कहा कि इसका असर कहीं ना कहीं राजनीति पर भी देखा जाएगा.
उन्होंने कहा कि बिहार में हमलोगों ने जो जाति आधारित गणना करायी है और जो संख्या बाद में निकल कर आई उसके बाद ही भारत सरकार को इस पर निर्णय लेना पड़ा है. तेजस्वी ने कहा कि जो भी बात हो लेकिन कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न मिला है, इसकी हम लोग खुशी मनाते हैं. उन्होंने कहा कि चुनाव के ठीक पहले दिया जाये या बाद में दिया जाए लेकिन बात है कि हमलोगों की जो मांग थी वह पूरी हो गई है और इसकी लड़ाई हम लोग लगातार लगते रहे.

लगे हाथों तेजस्वी ने ये भी कह दिया कि कर्पूरी ठाकुर जी के साथ-साथ काशीराम को भी ये सम्मान मिलता तो और अच्छा रहता. मालूम हो कि केंद्र सरकार के इस फैसले की बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने भी प्रशंसा की है और पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है.