प्रदेश के मौसम में बदलाव जारी है। शनिवार से हवा की दिशा में बदलाव के आसार हैं। शनिवार से पछुआ की गति तेज होने के साथ-साथ वातावरण में सुबह-शाम ठंड में वृद्धि हो सकती है। दोपहर में धूप निकलने के बाद वातावरण सामान्य रहेगा। रात में ठंड के प्रति लोगों को सावधान रहना बहुत जरूरी है। लोगों की जरा-सी लापरवाही बीमार बना सकती है।

मधुबनी सर्वाधिक गर्म स्थान रहा
शुक्रवार को मधुबनी, राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा, वहां पर अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान मोतिहारी में रिकार्ड किया गया, वहां पर 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया। शुक्रवार को पटना, गया एवं भागलपुर में घना कोहरा छाया रहा।
शनिवार से प्रदेश की हवा में होगा बदलाव
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों का कहना है कि शनिवार से प्रदेश की हवा में बड़ा बदलाव होने वाला है। राज्य में पछुआ का प्रवाह शुरू होने की उम्मीद है। उसके बाद राज्य के मौसम में व्यापक रूप से सुधार होगा।

पश्चिमी विक्षोभ से एक बार फिर बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि हिमालय के पर्वतीय इलाके में शनिवार को एक चक्रवात टकरा सकता है। उसका असर 21 या 22 फरवरी को राज्य पर देखा जा सकता है। उस दौरान प्रदेश में एक बार फिर वर्षा के आसार बन सकते हैं। मीठापुर क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान संस्थान के निदेशक डा.एमडी ओझा का कहना है कि किसानों को फिलहालसावधान रहने की जरूरत है। फसलों को घर के अंदर सुरक्षित कर लें। खेतों में तैयार आलू आदि की फसल को भी निकाल लेना चाहिए। वर्षा के बाद आम एवं लीची के पौधे पर दवाओं का छिड़काव करना भी पौधे के लिए लाभदायक साबित हो सकता है। इससे पैदावार में वृद्धि हो सकती है। वर्षा के बाद दवाओं के छिड़काव करने से कीट मर जाएंगे और फसल बीमारी मुक्त होगी।