बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं के रिजल्ट जारी करने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है. इसके लिए बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन आज यानी शुक्रवार से शुरू हो रहा है. बोर्ड मार्च महीने तक कॉपियों का मूल्यांकन पूरा करने का लक्ष्य रखा है. इसके साथ ही संभावना जताई जा रही है कि बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं का रिजल्ट होली से पहले यानी 20 मार्च तक जारी हो सकती है.

बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं के कॉपियों के मूल्यांकन के लिए पटना में सात और बाकी जगहों पर पूरे राज्य में कुल 200 सेंटर बनाए गए हैं. साथ ही उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार बिहार बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं के कॉपियों का मूल्यांकन जल्द ही पूरा हो जाएगा. कॉपियों के मूल्यांकन के लिए बोर्ड ने 25 हजार शिक्षकों को लगाया है. इसके लिए बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड ने गाइडलाइन भी जारी किया है. जो भी शिक्षक कॉपियों के मूल्यांकन में लगे हैं, उन्हें सेंटर पर 8 बजे तक पहुंचना होगा.

बिहार बोर्ड इंटर 2024 के कॉपियों के मूल्यांकन में लगे शिक्षकों को 23 फरवरी से अपना योगदान देना होगा. कॉपियों के मूल्यांकन का काम खत्म होने के बाद अंकों के सत्यापन का काम शुरू होगा. इसके बाद ही टॉपर छात्रों का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा. बिहार बोर्ड इंटर टॉपर (Bihar Board 12th Topper 2024) के इंटरव्यू के बाद ही फाइनल रिजल्ट जारी की जाएगी. कॉपियों के मूल्यांकन के लिए सभी केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखी जाएगी. इसके साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी मूल्यांकन केंद्र पर अपना योगदान देना होगा.
