बिहार में महिलाओं के लिए सबसे बेहतरीन कॉलेज मानी जाने वाली पटना विमेंस कॉलेज में नए सत्र के लिए एडमिशन की प्रक्रिया पिछले कई दिनों से चल रही है. अभी तक 800 से ज्यादा छात्राओं ने आवेदन किया है. अब भी फॉर्म भरने की प्रक्रिया जारी है. कॉलेज की ओर से आवेदन करने की अंतिम तिथि की घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में इच्छुक छात्राएं ऑनलाइन मोड में अपना फॉर्म भर सकती हैं. इसी बीच कॉलेज प्रशासन की तरफ से एडमिशन के लिए होने वाले एंट्रेंस टेस्ट की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है. 24 मई से इसकी शुरूआत हो रही है जो 29 मई तक चलेगी. इसके साथ ही कुछ कोर्सों में डायरेक्ट इंटरव्यू के आधार पर भी एडमिशन लिया जायेगा.

पटना विमेंस कॉलेज से एएमएम, बीसीए, सीइएमएस और एमसीए करने के लिए ऑनलाइन आवदेन के बाद 24 मई को एंट्रेंस टेस्ट देना होगा. बीबीए, एमबायो और बीएमसी का एंट्रेंस टेस्ट 25 मई को आयोजित किया जायेगा. वहीं बीकॉम का 27 मई, बीएससी 28 मई और बीए का एंट्रेंस टेस्ट 29 मई को लिया जाएगा. सिर्फ एमए इन इंग्लिश, एमएससी इन जूलॉजी और एमएससी इन बायोटेक्नोलॉजी में इंटरव्यू लिया जाएगा. एंट्रेंस टेस्ट 100 अंकों का होगा, जिसमें सारे सवाल ऑब्जेक्टिव होंगे. पहली मेरिट लिस्ट की घोषणा 29 मई से लेकर 14 जून तक कर दी जाएगी.

इस साल इन कोर्सों में भी ले सकते हैं दाखिला
इस साल छात्राओं के लिए पांच नए कोर्स शुरु किए जा रहे हैं. जिसमें बीएससी डाटा साइंस एंड एनालिटिक्स, बीएससी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग, बैचलर्स इन फैशन डिजाइनिंग, बैचलर्स इन कॉमर्स प्रोफेशनल और एमए इन सोशल वर्क शामिल है. इन नए कोर्सों में दाखिला लेकर छात्राएं अपना कैरियर सवांर सकती हैं. आपको बता दें कि कॉलेज में पहले से फैशन डिजाइनिंग को लेकर डिप्लोमा कोर्स था, लेकिन यह पहली बार होगा जब इन कोर्स को बैचलर्स डिग्री में पढ़ाया जाएगा. सभी कोर्स को लेकर सिलेबस तैयार हो चुका है. कॉलेज की ओर से हर साल कुछ नए कोर्स शुरू किए जाते हैं. जिसका मकसद छात्राओं को बेहतर माहौल के साथ शिक्षा देना है.





