पूर्णिया सीट से पप्पू यादव आज करेंगे नामांकन, क्या कांग्रेस करेगी कार्रवाई?

पूर्णिया: बिहार में पूर्णिया लोकसभा सीट को लेकर आरजेडी और कांग्रेस नेता पप्पू यादव के बीच सुलह नहीं हो पाई, जिस वजह से बुधवार को बीमा भारती ने राष्ट्रीय जनता दल के सिंबल पर नामांकन कर दिया है. वहीं आज पप्पू यादव भी नोमिनेशन करेंगे. हालांकि उन्होंने लालू परिवार को अपने नाम पर राजी करने की काफी कोशिश की लेकिन बात नहीं बनी. पप्पू ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर साफ कर दिया कि वह हर हाल में 4 अप्रैल को पर्चा दाखिल करेंगे.

Pappu Yadav

पप्पू यादव करेंगे पूर्णिया सीट पर नामांकन

पप्पू यादव ने अपने एक्स हैंडल से ऐलान किया कि पूर्णिया के सम्मान में, आपके आशीर्वाद से पप्पू यादव मैदान में हैं. उन्होंने आम लोगों से नामांकन के दौरान मौजूद रहने की भी अपील की है. हालांकि उन्होंने ये साफ नहीं किया कि वह कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे या निर्दलीय कैंडिडेट के तौर पर मैदान में होंगे. वैसे उनका दावा है कि उनको कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का आशीर्वद मिला हुआ है.

कांग्रेस करेगी पप्पू पर कार्रवाई?

पप्पू के चुनाव लड़ने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने साफ कर दिया कि कांग्रेस पूर्णिया में महागठबंधन उम्मीदवार के साथ है. हालांकि ये भी माना जा रहा है कि कांग्रेस चाह कर भी उन पर एक्शन नहीं ले सकती है, क्योंकि पप्पू ने भले ही जन अधिकार पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया हो लेकिन तकनीकी तौर पर उन्होंने अभी तक पार्टी की सदस्यता नहीं ली. ऐसे में जब पप्पू कांग्रेस के सदस्य ही नहीं हैं तो कार्रवाई किस आधार पर करेंगे?

तेजस्वी ने पप्पू पर क्या बोला?

इससे पहले आरजेडी कैंडिडेट बीमा भारती के नोमिनेशन के बाद आयोजित रैली में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लोगों से बीमा को जिताने की अपील की. साथ ही ये भी कहा कि जो लोग आरजेडी का विरोध करते हैं, वह असल में बीजेपी का साथ देते हैं. उनका इशारा पप्पू यादव की ओर था. हालांकि उन्होंने अपने संबोधन में उनकी नाम नहीं लिया.

      

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.