पटना। बिहार के कई इलाकों में सुबह दस बजे के बाद भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भागलपुर, पूर्णिया , कटिहार, बांका, मुंगेर, सहरसा, किशनगंज, बेगूसराय, सुपौल, सहित कई इलाकों में धरती के डोलने से लोग दहशत में हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई है और भूकंप का केंद्र असम का कोकराझाड़ जिला बताया गया है।
जानकारी के मुताबिक बिहार के कई जिलों में भूकंप के हल्के झटके 15 से 20 सेकेंड तक महसूस किए गए। सुबह 10.21 बजे लोगों ने भूकंप का झटका महसूस किया और घर से बाहर निकल आए। करीब 15 से 20 सेकंड तक आए इस भूकंप से किसी तरह के जानमाल की क्षति के नुकसान की खबर नहीं है। राजधानी पटना में भी सुबह 10:23 पर भूकंप के झटके महसूस किए गए और अॉफिस के लिए निकले लोग सूचना मिलने पर जहां थे वहीं रूक गए।
सुबह आए भूकंप से अफरा-तफरी का माहौल है, लोग डरे हुए हैं और कुछ देर तक घरों से बाहर निकल सड़ककों पर आ गए थे। मौसम विभाग के अनुसार करीब 10.22 बजे 15 सेकेंड तक भूकंप के झटके लगे। अभी तक किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है। भूकम्प की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.5 मापी गई है।