भोजपुर. बिहार के आरा में शादी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. वरमाला के बाद तीन दिन शादी का प्रयास करने के बाद चौथे दिन दूल्हे ने दुल्हन को अपनाया. दोनों पक्षों से रिश्तेदार अथक प्रयास कर थक गए तो पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. पुलिस की मौजूदगी में चौथे प्रयास में ये शादी बखोरापुर मंदिर में हुई.
मंडप छोड़ कर भाग गया दूल्हा
ये किस्सा आरा के रामपुर गांव का है. 28 अप्रैल को चातर गांव के पक्षी पासवान के बेटे सूरज पासवान की बारात रामपुर गांव के शंकर पासवान के घर गयी. यहां उनकी बेटी बेबी कुमारी से शादी होना थी. खुशी के माहौल में धूमधाम से बारात द्वार पर लगी और वरमाला भी हो गयी.सब खुशी खुशी चल ही रहा था कि उसी दौरान लड़की के चाचा का लड़के के भाई के साथ विवाद हो गया.नौबत मारपीट तक जा पहुंची. दोनों पक्षों में मारपीट होने के बाद दूल्हा गुस्से में अपने बारातियों के साथ मंडप छोड़कर बिना शादी किए ही फरार हो गया. अब लड़की वाले परेशान हो उठे. फिर शुरू हुआ मन्नतों का दौर.

दूल्हे की शिकायत लेकर दुल्हन पहुंच गयी थाने
लड़की पक्ष वाले और जिन लोगों ने रिश्ता करवाया था सब लोग वर पक्ष को मना मना कर थक गया लेकिन लड़के वाले टस से मस नहीं हुए. कई बार प्रयास के बाद लड़के वाले जैसे तैसे तैयार हुए लेकिन नयी शर्त रख दी. बोले हमारे गांव के पास लाहौंग बाबा मठिया के मंदिर में आइए, वहीं शादी होगी. अगले दिन 29 अप्रैल को लड़की वाले मंदिर में पहुंच गए. लेकिन लड़के वाले आए ही नहीं. बिचौलियों और रिश्तेदारों ने फिर से हस्तक्षेप कर दोबारा दूल्हा और उनके परिवार को मनाने का प्रयास किया. वर पक्ष ने फिर लड़की वालों को 5 मई को दूल्हे के गांव के मंदिर में शादी के लिए बुलाया. लेकिन इस बार भी दूल्हा पक्ष नहीं पहुंचा. इतने नाटक के बाद लड़की वालों की हिम्मत जवाब दे गयी. बस फिर क्या था दुल्हन खुद अपने परिवार को लेकर बड़हरा थाना पहुंच गई और पुलिस से अपनी शादी करवाने की गुहार लगा दी.
ऐसे आनन फानन में पड़े फेरे
अब इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की एंट्री हो गयी. पुलिस ने दूल्हे और उसके परिवार को मनाना शुरू किया. पुलिस के दबाव के बाद दूल्हा सूरज पासवान परिवारजनों के साथ बड़हरा थाना पहुंचा. वहां थाना प्रभारी की डांट डपट और धमकी के बाद सूरज शादी के लिए तैयार हुआ. कहीं फिर से मन न बदल जाए इसलिए पुलिस ने थाने के पास स्थित बखोरापुर मंदिर में ही सूरज पासवान और बेबी के फेरे करवा दिए. तब कहीं जाकर लड़की वालों की सांस में सांस आयी.




