गर्म पछुआ हवा के कारण पटना समेत जिलों में रविवार को लोग पूरे दिन परेशान रहे। डेहरी, शेखपुरा, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद व नवादा में लू (हीट वेव) का प्रभाव बना रहा। पटना समेत अन्य जिलों में गर्म पछुआ हवा के कारण दिन गर्म रहा। शाम होते ही बादलों की आवाजाही बने होने के साथ राजधानी समेत 20 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट आने से मौसम सामान्य हुआ। पटना के अधिकतम तापमान में तीन डिग्री गिरावट के साथ रविवार को 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, 44.9 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।

औंरगाबाद, नवादा, बक्सर, छपरा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास बना रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार उत्तर पश्चिम उत्तरप्रदेश व बिहार के रास्ते उत्तरी बांग्लादेश की ओर से ट्रफ रेखा गुजर रही है।
इन पांच क्षेत्रों में ऐसा रहेगा मौसम
इनके प्रभाव से पटना समेत दक्षिणी भागों में बादल छाए रहेंगे जबकि, उत्तरी भागों के अधिसंख्य भागों में आंधी-पानी, वज्रपात व मेघ गर्जन की चेतावनी जारी की गई है। 20-24 मई तक प्रदेश में छिटपुट वर्षा होने से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

दूसरी ओर सोमवार को लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण और हाजीपुर में होने वाले मतदान के दिन लोगों को मौसम का साथ मिलेगा। बादलों की आवाजाही बने होने के साथ मेघ गर्जन व वर्षा से मौसम सामान्य बना रहेगा।

प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 39.2 28.2
गया 42.1 27.0
भागलपुर 39.3 25.8
मुजफ्फरपुर 35.6 27.5
