शादी के लिए बेहतर पार्टनर की तलाश में लोग वेडिंग साइट्स का रुख करते हैं, तो कुछ लोगों के माता-पिता रिश्तेदारों से अच्छी लड़की या लड़का तलाशने को बोलते हैं. लेकिन कई लोग ऐसे भी हैं, जो इन सबसे अलग रास्ता अपनाते हैं. सोशल मीडिया पर इसी तरह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. दूल्हे के ड्रेस में एक लड़का अपने हाथ में ऐसा पोस्टर लेकर खड़ा हुआ जिसे देख रास्ते से गुजरने वाले लोग, लड़कियां, लड़कों से लेकर पुलिस वाले तक हंस पड़े.

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो के शुरुआत में समझ ही नहीं आता है कि आखिर चल क्या रहा है? दरअसल, शुरुआत में एक पुलिस वाला अपने मोबाइल से वीडियो बना रहा होता है. स्कूल जाने वाली छोटी-छोटी बच्चियां भी मुस्कुराती हुई दिख रही हैं. बाइक सवार भी हंसते हुए गुजर रहे हैं. एक छोटी लड़की तो ऑटो के बगल से पीछे होकर झांकती दिखती है. इसके अलावा ऑटो से गुजरने वाली महिलाएं भी टुकुर-टुकुर देखती है.

दरअसल, दूल्हे के कपड़े में खड़े उस लड़के के पोस्टर पर कुछ ऐसा लिखा था, ‘शादी का शौक नहीं है साहब… बुरा लगता है मेरी वजह से किसी की बेटी अभी तक कुंवारी बैठी है.’ इस लड़के का नाम विशाल बताया जा रहा है। जो कि एक यूट्यूबर है. विशाल ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। अब तक इस वीडियो को 5 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है, जबकि 20 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया है. सैकड़ों की संख्या में कमेंट्स भी आए हैं.

