पटना. रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से परेशान बिहार के लोगों के लिए राहत की खबर आ गई है. मानसून का देश में एंट्री लेते ही मौसम का भी रुख धीरे धीरे बदलने लगा है. 30 मई की शाम से राजधानी पटना में हवा का रुख बदल गया. दिन भर चिलचिलाती गर्मी से परेशान लोगों को शाम में ठंडी हवा चलने से राहत मिली. उधर मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक कुणाल कौशिक मेट्टे ने बताया कि 01 जून से तापमान में गिरावट आने की संभावना है साथ ही बारिश जैसी स्थिति रहने की संभावना है.
मानसून की हुई एंट्री
मौसम विज्ञान केन्द्र ने देश में मॉनसून की एंट्री की पुष्टि कर दी है. उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 30 मई, 2024 को केरल पहुंच गया है. यह पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भी आगे बढ़ गया है. केरल के विभिन्न इलाकों में मानसून के आगमन पर भारी वर्षा हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं. आईएमडी का अनुमान है कि बिहार में 10 जून तक मानसून के आने की संभावना है. आइएमडी ने यह भी बताया कि इस बार मॉनसून के दौरान सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है.
मौसम में बदलाव शुरू
राजधानी पटना में 30 मई की शाम से हवा का रुख बदलने से लोगों को राहत मिली है. नए महीने की शुरुआत से ही वर्षा होने की संभावना बनती हुई दिखाई दे रही है. फिलहाल, आज भोजपुर, बक्सर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, नालंदा, जहानाबाद और पटना में भीषण लू चलने की संभावना है साथ ही इन सभी जिलों की रातें भी गर्म रह सकती है. इसीलिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

जबकि पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में लू चलने की संभावना है. इसके अलावा सीतामढ़ी, शिवहर, मुज़फ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में हॉट डे रहने की संभावना है. इन सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. दूसरी तरफ, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई में बारिश की स्थिति बनी रहेगी. तेज आंधी भी चल सकती है जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है. इन जिलों में ठनका गिरने का भी खतरा बना हुआ है.
कैसा रहा 30 मई
कल यानि 30 मई को बिहार के 12 जिलों में हीट वेव दर्ज किया है. इसमें औरंगाबाद और बक्सर में भीषण लू जबकि गया, डेहरी, मोतीहारी, गोपालगंज, भोजपुर, नवादा, राजगीर, अरवल, बिक्रमगंज, और वैशाली में लू रिकॉर्ड किया गया. तापमान की बात करें तो इस दिन बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 47.1°C बक्सर में दर्ज किया गया. वहीं 19 जिलों का अधिकतम तापमान 40°C से अधिक दर्ज किया गया.

टॉप 5 गर्म जिला
बक्सर के अलावा औरंगाबाद में 46.1°C, डेहरी में 46°C, गया में 45.2°C, अरवल में 44.8°C, भोजपुर में 44.1°C दर्ज किया गया.





