मंत्री जी के रिश्तेदार की एक ना चली, SDM ने गैरेज पर चलावा दिया बुलडोजर

पटना। दीघा-आर ब्लॉक अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। इसके तहत पुनाईचक रेलवे क्रॉसिंग के पास कई दुकानों पर बुधवार को बुलडोजर चला। आर ब्लॉक-दीघा रेलखंड की जमीन से कब्जा हटाने के दौरान चपेट में एक केंद्रीय मंत्री के समधी भी आ गए। प्रशासन ने उनकी एक नहीं सुनी और रेलवे की जमीन पर बने उनके गैरेज पर बुलडोजर चला दिया। इस दौरान मंत्री जी के बेटे को भी वहां देखा गया।

बताया जाता है कि मंत्री के समधी अपने घर के आगे बने वाहनों के गैरेज को नहीं तोडऩे देने की जिद पर अड़ गए। गैराज में टाइल्स बिछी थी। कई महंगे चार चक्का वाले वाहन इस गैराज में लगे थे। काफी विरोध के बाद भी एसडीएम सुहर्ष भगत ने कुछ नहीं सुना और गैराज पर बुलडोजर चलवा दिया।

इस बीच मंत्री के समधी ने कई अधिकारियों और बड़े-बड़े नेताओं के पास फोन किया। एसडीएम पर मानहानि का मुकदमा करने सहित कई प्रकार की धमकी भी दी गई। लेकिन एसडीएम अपने निर्णय से टस से मस नहीं हुए। निर्देश दिया कि पहले गैरेज को तोड़ो, तब नापी होगी। नापी में पाया गया कि रेलवे की जमीन पर ही इसका निर्माण हुआ था। अपने ससुर के घर के आगे के भाग को तोड़े जाने की जानकारी मिलते ही मंत्री जी के बेटे पहुंचे। तब तक प्रशासन घर के आगे के भाग को ध्वस्त कर चुका था। पूरी स्थिति को देखकर वे वापस लौट गये। केंद्रीय मंत्री पटना जिले के ही सांसद हैं।

इसके पहले पुनाईचक रेलवे क्रॉसिंग के पास सभी झोपडिय़ां ध्वस्त कर दी गईं। यहां छोटे-छोटे बच्चों की संख्या काफी थी। सब के सब अपनी टूटती झोपड़ी से सामान बचाने में लगे रहे। दूसरी तरफ बुलडोजर चलने के पहले ही हड़ताली मोड़ से पाटलिपुत्र पानी टंकी के बीच रेलवे लाइन से खटाल स्वत: हट गए। एक भी मवेशी नहीं मिला।

कब्जा हटाने पहुंची टीम को झोपडिय़ां खाली करते लोग मिले। झोपडिय़ों से समान निकालने के लिए प्रशासन ने समय दिया और झोपडिय़ों को तोड़ते हुए बुलडोजर आगे बढ़ते गया। बेली रोड से सटे क्षेत्र में बड़ी संख्या में झोपडिय़ों को चार-चार बुलडोजर ने कुछ ही देर में ध्वस्त कर दिया।शाम पांच बजे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान पाटलिपुत्र पानी टंकी के कुछ पहले समाप्त हो गया। शिवपुरी के पास सड़क नाला और उसके बाद झोपडिय़ां मिलीं। इसके बीच भी बुलडोजर चला गया और सभी झोपडिय़ों को ध्वस्त कर दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान में एसडीएम सुहर्ष भगत, सहायक जिला दंडाधिकारी तनय सुलतानिया, डीसीएलआर शशि शेखर, अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार सिन्हा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading