ये हैं उत्तर बिहार की तीन महिला सांसद, शांभवी चौधरी, लवली आनंद और वीणा देवी…

1952 में हुए लोकसभा के पहले चुनाव से लेकर अब तक यह पहला मौका है जब उत्तर बिहार में एक साथ तीन महिला सांसद निर्वाचित हुई हैं। वैशाली से लोजपा (आर) की वीणा देवी, शिवहर से जदयू की लवली आनंद और समस्तीपुर से लोजपा (आर) की शांभवी चौधरी ने जीत दर्ज कर उत्तर बिहार की राजनीति में इतिहास कायम किया है। इनमें शांभवी नया चेहरा हैं।

Bihar Chunav Result 2024: शांभवी चौधरी, लवली आनंद और वीणा देवी... उत्तर बिहार में पहली बार तीन महिला सांसदइस जीत के साथ ही इन महिलाओं ने यह भी साबित किया कि आधी आबादी ज्ञान-विज्ञान, कला-संस्कृति से लेकर राजनीति तक में सशक्त है। वैशाली लोकसभा सीट से वीणा देवी ने राजद के विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला को पराजित किया। वहीं, शिवहर लोकसभा सीट से लवली आनंद ने राजद की रीतु जायसवाल को हराया। समस्तीपुर से शांभवी चौधरी ने कांग्रेस प्रत्याशी सन्नी हजारी को पराजित किया है।

अभी तक एक साथ दो महिलाएं ही रही हैं सांसद

1952 से अब तक हुए चुनाव में उत्तर बिहार से एक साथ केवल दो महिलाएं ही दिल्ली तक का रास्ता तय करती रही हैं। वर्ष 1980 में वैशाली से किशोरी सिन्हा तथा शिवहर से रामदुलारी सिन्हा सांसद निर्वाचित हुई थीं। उनके बाद 1984 में बिहार से सर्वाधिक नौ महिलाएं लोकसभा सदस्य चुनी गई थीं। इनमें एक मोतिहारी से प्रभावती गुप्ता और वैशाली से किशोरी सिन्हा भी थीं। 2009 में शिवहर से रमा देवी और उजियारपुर से अश्वमेघ देवी सांसद बनी थीं। वर्ष 2019 में शिवहर से एक बार फिर रमा देवी सांसद बनीं। वहीं, वैशाली से वीणा देवी विजयी रही थीं।

महिला मतदाताओं की भागीदारी रही अहम

इन लोकसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं की भागीदारी अहम रही। वैशाली में कुल तीन लाख, 48 हजार, 369 मतदाताओं में से एक लाख, आठ हजार, 903 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि शिवहर में कुल 10 लाख, 52 हजार, 178 मतदाताओं में से पांच लाख, 50 हजार, 727 महिलाओं ने मतदान कर लोकतंत्र के निर्माण में अहम भूमिका निभाई।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading