नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए के घटक दलों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को समर्थन पत्र सौंपे जाने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. लेकिन, इससे पहले सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है जिसमें जदयू के मुख्य प्रवक्ता केसी त्यागी ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने दावा किया है कि इंडी अलायंस की ओर से नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाने का ऑफर दिया गया था.

केसी त्यागी ने कहा कि इंडिया गठबंधन में नीतीश जी को संयोजक स्वीकार नहीं किया था, लेकिन चार जून को लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आने के बाद इंडी अलायंस के नेता नीतीश जी की अगुवाई में सरकार बनाना चाहते थे और प्रधानमंत्री पद ऑफर किया था. लेकिन, जेडीयू इंडिया गठबंधन की किसी भी बात में नहीं आने वाली और जेडीयू पूरे पांच साल NDA का हिस्सा बनी रहेगी.
बता दें कि नरेंद्र मोदी रविवार को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे. उन्हें शाम 6 बजे के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पद व गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी. बता दें कि इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार नियुक्त किया, जब भाजपा प्रमुख जे पी नड्डा ने उन्हें भाजपा संसदीय दल के नेता के रूप में मोदी के चुनाव पर एक पत्र सौंपा और एनडीए नेताओं ने अपने समर्थन पत्र सौंपे.

इस बीच खबर है कि 18वीं लोकसभा का पहला सत्र संभवतः 15 जून के आसपास शुरू होगा. पहला सत्र जून के तीसरे सप्ताह में सदन के सदस्यों के रूप में नवनिर्वाचित उम्मीदवारों द्वारा शपथ लेने के साथ शुरू होगा और यह प्रक्रिया 2 दिनों तक जारी रहने की संभावना है. इसके बाद एक नया अध्यक्ष भी चुना जाएगा. इस बीच खबर है कि 9 जून को प्रधानमंत्री शपथ लेने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी का वाराणसी का दौरा कर सकते हैं. संभावित तिथि 10 या 11 जून बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार यहां पीएम मोदी बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन और अन्य मंदिरों का भी दर्शन पूजन करेंगे और साथ ही गंगा आरती में भी शामिल हो सकते हैं.










