मुजफ्फरपुर: आपने फिल्म स्टार्स के तो कई दीवाने देखे होंगे, लेकिन बिहार के मुजफ्फरपुर का रहने वाला एक शख्स आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव और उनके परिवार का दीवाना है. वह भी एक ऐसा जबरा फैन, जिसने अपनी बॉडी पर ही लालू यादव, राबड़ी देवी और उनके दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव का का टैटू बनवा रखा है. इतनी ही नहीं बांह पर आरजेडी का चुनाव चिह्न ‘लालटेन’ का भी टैटू बनवाया है.
लालू का जबरा फैन
बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले 41 वर्ष के रंजीत रजक ने अपने शरीर पर लालू परिवार के बहुत से टैटू बनवा रखे हैं. रंजीत का कहना है कि लालू यादव को वह अपना भगवान मानता है, जबकि राबड़ी देवी को ‘राज माता’ का दर्जा देता है. वहीं, तेजस्वी यादव और तेजप्रताप को राम-लक्षण की तरह देखता है. रंजीत खुद को लालू परिवार का हनुमान मानता है. लालू फैमिली के प्रति उसकी दीवानगी इस कदर है कि वह हर उस जगह पर जाता है, जहां-जहां आरजेडी का कार्यक्रम होता है.
रंजीत के शरीर पर लालू परिवार का टैटू
ख़ास बात ये कि रंजीत रजक ने अपने बाएं हाथ पर लालटेन का भी टैटू गुदवा रखा है. रंजीत के मुताबिक लालू यादव या उनके परिवार के लोग गरीब के लिए मसीहा की तरह हैं. वह मुजफ्फरपुर शहर के छोटी कल्याणी का रहने वाला है. मिठनपुरा में ड्राई क्लीनिंग का काम करता है. इसके अलावे आरजेडी में अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश सचिव भी है.
तेजस्वी यादव हैं बिहार की रीढ़
रंजीत का कहना है कि सीने के दाएं तरफ लालू यादव, बाएं तरफ राबड़ी देवी का टैटू बनवाया है. उसके लिए दोनों भगवान की तरह है, जबकि तेजस्वी को बिहार के लिए रीढ़ की तरह है. रंजीत के मुताबिक तेजस्वी के बिना सब अधूरा है. इसलिए उनका टैटू रीढ़ पर बनाया है. वहीं तेजप्रताप यादव को लेकर बोले कि वे हथियार की तरह हैं. जैसे दाएं हाथ में अधिक बल होता है, उसी तरह उनके परिवार में वे एक ताकत की तरह हैं. इसलिए, उनका (तेजप्रताप) टैटू दाएं हाथ पर बनवाया है. दोनों भाई राम-लक्ष्मण की तरह हैं, वह खुद को उनका हनुमान मानता है.










