अहंकार और कर्म फल की बात कहकर किसे टारगेट कर गए चिराग पासवान, जानें….

नई दिल्ली: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत उनकी पार्टी के सभी पांच सांसदों का अभिनंदन कांस्टिट्यूशन क्लब में किया गया. इस मौके पर एलजेपीआर के समर्थकों, कार्यकर्ताों और नेताओं को संबोधित करते हुए चिराग पासवान ने कहा इसी दिन, यानी 13 जून 2021 की रात लोक जनशक्ति पार्टी में एक बड़ी टूट की जानकारी मिली थी. पार्टी के साथ परिवार भी टूटा था,लेकिन आप सबके सहयोग से आज पार्टी यहां तक पहुंची. चिराग ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बगैर कोई नेता कुछ नहीं होता है. आप लोग हैं तो हमलोग हैं. हम ये कल्पना करते हैं जब हमारे 5-6 नहीं बल्कि 60-70 सांसद हों, इसके लिए हमे काम करना है. अपने संबोधन में चिराग पासवान ने बिना किसी का नाम लिए अपने चाचा पशुपति पारस पर निशाना साधा.

चिराग पासवान ने चाचा पशुपति कुमार पारस पर निशाना साधा.चिराग ने नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, पार्टी का नाम, पार्टी का सिंबल और पार्टी का कार्यालय तक छीन लिया गया फिर भी खून पसीने से सींच कर पार्टी को सबने यहां तक लाया है. रामविलास पासवान ने बंगला छाप के नाम से पार्टी की नींव रखी और पार्टी को आगे बढ़ाया, लेकिन इस बार विपरीत परिस्थितियों में काम हुआ. कई विरोधी घात लगाए बैठे थे. उन लोगों ने पूरी ताकत झोंकी और कुछ अपने भी थे जिसने भीतरघात किया. लेकिन, सब भूल गए कि ये पार्टी राम विलास पासवान जी की पार्टी है. वे भूल गए थे कि इस बार भी पार्टी का नेतृत्व उन्हीं का अंश शेर का बेटा कर रहा है.

चिराग पासवान ने कहा कि भारत में कभी नहीं हुआ कि एक सांसद वाली पार्टी को पांच सीटें मिलीं. हमने पीएम मोदी की झोली में सभी पांच सीटें दीं. सफलता के बाद विनम्रता भी जरूरी है. अपने पर गर्व करें पर अहंकार कतई न करें. जिसने अहंकार किया उसका पतन हमने देखा. सबने अपने कर्म का फल देखा. हमने कभी किसी का अहित नहीं सोचा, केवल अपनी लकीर को केवल बड़ा किया. ऊपर वाला सब देखता है, इसलिए सब किसी के कर्म का हिसाब देता है.

चिराग पासवान का बिना नाम लिए पशुपति पारस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपना दरवाजा तक नहीं खोला, और घंटों खड़े रहे. आप लोगों के आशीर्वाद से चिराग पासवान उसी कुर्सी पर बैठा है. चिराग ने आगे कहा अभी लोकसभा का चुनाव एक पड़ाव है, आगे विधान सभा का चुनाव है. चिराग पासवान ने संगठन विस्तार पर जोर दिया. चिराग ने यह भी कहा कि बुलाकर कोई सीट नहीं देगा, पहले अपनी ताकत बढ़ानी होगी.

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार के पार्टी अध्यक्ष राजू तिवारी को विशेष रूप से धन्यवाद देता हूं. इसी तरह सभी राज्य के प्रदेश अध्यक्ष अपने यहां संगठन मजबूती पर ध्यान दें. चिराग ने कहा, केन्द्रीय मंत्री के तौर पर बिहार के अलावा जिस प्रदेश में जाएंगे वहां मैं संगठन की बैठक करूंगा ये मेरा वादा है. आने वाले दिनों में अगर पार्टी को अकेले लड़ने का फैसला करना होगा तो पार्टी अकेले भी लड़ेगी. संगठन मजबूती पर चिराग पासवान ने जोर दिया.

चिराग ने दावा करते हुए कहा कि जब तक चिराग पासवान जिंदा है दुनिया की कोई ताकत आरक्षण खत्म नहीं कर सकती और तब तक न आरक्षण को खतरा है न संविधान को खतरा है. हमारा अपना माय (MY) समीकरण है महिला और युवा का. विधान सभा का चुनाव आने वाला है इसलिए पूरी जिम्मेदारी हमारी है. मंत्री के तौर पर जिम्मेदारी बड़ी है प्रधानमंत्री ने मंत्री बनने के बाद कहा था कि इसके पहले जो मंत्री थे इस विभाग के वो अपेक्षा पर खरे नहीं उतरे थे.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading