पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को अचानक राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर से मिलने पहुंचे. बिहार विधानसभा चुनाव से पहले और केंद्र में नई सरकार बनने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने राज्यपाल से पहली मुलाकात की है. करीब 40 मिनट तक हुई इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर और सीएम नीतीश कुमार के बीच हुई इस मुलाकात के दौरान बिहार और देश के राजनीतिक मुद्दों समेत विषयों पर बातचीत हुई है.

बता दें, बिहार में 2025 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में एनडीए ने बिहार में चुनाव की तैयारी अभी से ही शुरू कर दी है. राज्यपाल और सीएम नीतीश कुमार की इस मुलाकात को बिहार विधानसभा चुनाव से भी जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि इस मुलाकात के क्या मायने हैं यह तो आने वाले दिनों में पता चलेगा. लेकिन, पटना में हो रही बारिश के बीच सीएम नीतीश कुमार का राज्यपाल से मिलने जाने काफी अहम हो जाता है. नीतीश कुमार के राज्यपाल से मुलाकात के बाद यह चर्चा भी होने लगी है कि बिहार में फिर से कुछ बड़ा होने वाला है?

जानकारी के अनुसार राज्यपाल और सीएम नीतीश के बीच हुई मुलाकात के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्ति, कई विश्वविद्यालयों में कंसल्टेंट की नियुक्ति, बिहार के राजनीतिक हालात व प्रदेश के अन्य मुद्दों को लेकर बातचीत हुई है. बता दें, सीएम नीतीश कुमार इससे पहले भी राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात करते रहे हैं. पुराने ट्रैक रिकॉर्ड को देखें तो सीएम नीतीश कुमार की राज्यपाल से मुलाकात के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो जाती है. ऐसे में इस बार भी जब नीतीश कुमार राज्यपाल से मिलने पहुंचे तो बिहार के सियासी गलियारे में गहमागहमी बढ़ गयी है.









