बगहा: मॉनसून के दस्तक देने के साथ ही बाढ़ व कटाव प्रभावित इलाके के लोगों की चिंता बढ़ गई है. दरअसल इस मॉनसून सत्र में मौसम विभाग ने उम्मीद से ज्यादा बारिश होने की आशंका व्यक्त की है. यदि उम्मीद से ज्यादा बारिश हुई तो गंडक नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल सकती है.

गंडक बराज ने छोड़ा 1 लाख 6600 क्यूसेक पानी
फिलहाल बुधवार की सुबह गंडक नदी में इस वर्ष का अधिकतम 1 लाख 6600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके शाम तक तेजी से बढ़ने की संभावना है. नेपाल सहित बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के जल अधिग्रहण क्षेत्रों में दो दिन से हो रही लगातार बारिश से गंडक समेत अन्य पहाड़ी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.
निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा
यह आशंका व्यक्त की जा रही है कि बुधवार की रात तक गंडक बराज का जलस्तर 1 लाख 50 हजार के पार चला जाएगा. नतीजतन गंडक बराज के सभी कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है. वहीं जल संसाधन विभाग द्वारा अलग अलग टीम बनाकर बांधों की सतत निगरानी की जा रही है. दूसरी तरफ निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए बाढ़ और कटाव का खतरा बढ़ गया है. लिहाजा अनजाने भय और आशंका से लोग चिंतित हैं.











