मानसून शुरू होते ही हरी सब्जियों की कीमत में उछाल आ गया है। विक्रेताओं के अनुसार जलजमाव से खेतों में लगी सब्जी की फसल को नुकसान हुआ है। इसका आवक पर प्रभाव पड़ा है, जिसके कारण कीमत में बढ़ोतरी हुई है। खासकर लत्तीदार सब्जियों की फसल ज्यादा प्रभावित हुई है। मुजफ्फरपुर के रामदयालुनगर के सब्जी विक्रेता मो. इसलाम ने बताया कि बारिश से सब्जियों के आवक पर असर पड़ा है। देहात से किसान सब्जी नहीं ला पा रहे हैं।

कल्याणी चौक के राजेश पटेल ने बताया कि फूलगोभी और टमाटर का सबसे अधिक भाव बढ़ा है। अन्य सब्जियों पर भी 10 से 15 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है। मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा, लक्ष्मी चौक, कंपनीबाग, सरैयागंज, पुरानी बाजार, भगवानपुर, कठही पुल, कलमबाग रोड, अघोरिया बाजार सहित अन्य सब्जी बाजारों में भी हरी सब्जियों की कीमत में वृद्धि देखी गई।





