जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने सरकार की विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रखंडवार/अंचलवार समीक्षा कर प्रखंडों के वरीय पदाधिकारी एवं विभागीय पदाधिकारियों को प्रखंड /अंचल का विजिट कर नियमित निरीक्षण एवं निगरानी करते हुए सरकारी योजनाओं का तेजी से क्रियान्वयन एवं सुधार/प्रगति लाने का निर्देश दिया। साथ ही सरकारी मानदंड का पालन करते हुए लक्ष्य के अनुरूप ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन का निर्देश दिया। बैठक में पंचायत, शिक्षा ,स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना ,मुख्यमंत्री आवास योजना, इंदिरा आवास योजना, दाखिल खारिज, परिमार्जन, अभियान बसेरा, भूमि मापन, भू- स्वामित्व प्रमाण पत्र, परिवाद पत्र का निष्पादन, लोक शिकायत का निष्पादन, एसी बिल, डीसी बिल, लंबित उपयोगिता प्रमाण पत्र का निष्पादन सहित कई अन्य कार्यों की प्रखंडवार समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।

दाखिल खारिज मामलों की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने खराब प्रदर्शन के आधार पर मीनापुर अंचल के अंचल अधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी से स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया है। इसके अतिरिक्त सरैया, कुढ़नी ,कांटी, मुसहरी साहेबगंज के अंचल अधिकारी से भी कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने दोनों डीसीएलआर एवं एसडीओ को अंचल का साप्ताहिक विजिट कर समीक्षा करने तथा लगातार मॉनिटर कर प्रगति लाने का निर्देश दिया। इस दौरान जिला पदाधिकारी ने भूमि मापन कार्य में 10 से ज्यादा लंबित रखने वाले अंचलाधिकारी से कारण पृच्छा करने को कहा। भू स्वामित्व प्रमाण पत्र मामले में खराब स्थिति के आधार पर कटरा एवं मुसहरी अंचलाधिकारी से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में जिलाधिकारी ने परिमार्जन ,अभियान बसेरा, आधार सीडिंग की भी समीक्षा कर कार्य में तेजी एवं सुधार लाने को कहा।

जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को प्रखंड मुख्यालय में ही बने रहने तथा सरकारी दायित्व का जवाबदेही से निष्पादन करने का सख्त निर्देश दिया है।
जिला पदाधिकारी ने कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए 720 आसन वाले डॉ भीमराव अंबेडकर 10 + 2 आवासीय विद्यालय के नवनिर्माण हेतु अंचल अधिकारी कुढ़नी ,मोतीपुर ,मीनापुर, पारू,बोचहा, मुरौल, सकरा से चिह्नित भूमि का प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। विदित हो कि अनुसूचित जाति की 50000 से अधिक आबादी वाले प्रखंडों में और पूर्व से संचालित आवासीय विद्यालय एवं आवासीय विद्यालय मुरौल में 720 आसन वाले डॉ भीमराव अंबेडकर 10 +2 आवासीय विद्यालय का निर्माण किया जाना है तथा विद्यालय के निर्माण कार्य हेतु तीन से पांच एकड़ तक की सरकारी भूमि की आवश्यकता है। यद्यपि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं विकास मित्र द्वारा सरकारी भूमि को चिन्हित किया गया है किंतु संबंधित अंचल के अंचल अधिकारी से भूमि के संदर्भ में अपने स्तर से जांच कर या इसके अलावे कहीं और भूमि की उपलब्धता हो तो उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए 100 आसन के राजकीय कल्याण छात्रावास निर्माण हेतु 1 एकड़ भूमि के हस्तांतरण का प्रस्ताव अंचलाधिकारी औराई, मोतीपुर, बोचहा, गायघाट ,कांटी ,कुढ़नी, मीनापुर, मुसहरी, पारु, साहेबगंज, सकरा एवं सरैया से की गई है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार जिन प्रखंडों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की आबादी 30000 से अधिक है में छात्रावासों के आधारभूत संरचना के लिए प्रखंड मुख्यालय के निकट संपर्क पथ वाले कम से कम एक एकड़ तक सरकारी भूमि का प्रस्ताव डीसीएलआर के माध्यम से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

पंचायत सरकार भवन के लिए भूमि चिन्हित करने तथा प्रस्ताव भेजने हेतु जिला स्तर से लगातार नियमित एवं प्रभावी समीक्षा कर प्रगति लाई गई है। अब शेष बचे 71 पंचायत सरकार भवन हेतु जमीन चिन्हित कर उपलब्ध कराने का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए जिलाधिकारी ने डीपीआरओ एवं डीसीएलआर को संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर जल्द कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है।

बैठक में अवगत कराया गया कि जिले में 356 अमीन की नियुक्ति की गई है। इसका 6 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का कार्य जिला परिषद भवन में सोमवार से शुरू होगा। इसके अतिरिक्त 11 दिन का क्षेत्रीय प्रशिक्षण के तहत मुसहरी एवं कुढ़नी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इनका पदस्थापन अंचल में ही किया जाएगा। इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारी को अपने-अपने अंचल में कार्यालय हेतु सभी आवश्यक व्यवस्था पूर्व से तैयार रखने का निर्देश दिया। आपदा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा अपने-अपने दायित्व के प्रति सक्रिय एवं तत्पर होकर कार्य करने का निर्देश दिया है। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यालयों में आधारभूत संरचना के निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। यद्यपि जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालयों की जांच भी कराई गई है।

बैठक में उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी सहायक समाहर्ता डॉ आकांक्षा आनंद सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन मनोज कुमार अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था सुधीर कुमार सिन्हा सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



