चुनावी रंजिश में जदयू के जिला महासचिव सह मटिहानी नैन पंचायत के मुखिया पति उपेंद्र सिंह को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। घटना के वक्त हथुआ प्रखंड से वे मीरगंज जा रहे थे। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
पुलिसकर्मियों ने छिपकर बचाई जान
हत्या के बाद समर्थकों ने थाने पर पथराव कर दिया। पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए छिपना पड़ा। मीरगंज की सभी दुकानें बंद हो गई। थाने पर जमकर तोड़फोड़ की। हंगामे के कारण पुलिस ने मीरगंज थाने के मुख्य दरवाजे को बंद कर दिया। इसके बाद गुस्साए लोगों का हुजूम शहर के मरछिया देवी चौक के समीप पहुंच गया। वहां टायर जला कर एनएच 85 को जाम कर दिया गया।
संजय को बाइक से उतार जदयू नेता को मारी गोली
संजय ने पुलिस को बताया कि वह उपेंद्र के साथ बाइक पर बैठा था। अपराधियों ने ओवर टेक कर बाइक रोक दी। इसके बाद मुझे बाइक से उतार दिया और नेता को गोली मार दी। डीएम और एसपी ने हत्या की जांच करने तथा गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया है। मीरगंज, हथुआ, उचकागांव, थावे के अलावा अन्य थानों की पुलिस अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पहले भी हुआ था हमला
उपेंद्र सिंह को तीन साल पहले भी गोली मारी गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। गोली कंधे में लगी थी। इसके बाद उपेंद्र ने हथियार के लाइसेंस के लिए थाने में आवेदन दिया था .