वीआईपी चीफ मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की घर में घुसकर निर्मम हत्या के मामले पर नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा ने बिहार की एनडीए सरकार पर हमला बोला है। और इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। तेजस्वी ने कहा कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वो राज्य में अब जब चाहे, जहां चाहे, जैसे चाहे, कैसे भी, किसी की भी हत्या कर सकते है।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वीआईपी पार्टी के संरक्षक और बड़े भाई मुकेश सहनी के पिता जी की अपराधियों द्वारा निर्मम हत्या की दुःखद खबर सुन स्तब्ध एवं मर्माहत हूं। शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुख की घड़ी में परिजनों को दुख सहने की शक्ति एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। प्रदेश में आतंकराज स्थापित हो चुका है। निरंतर कह रहा हूं, कि बिहार की डबल इंजन पावर्ड सरकार में सत्ता संपोषित, सत्ता संरक्षित और सत्ता प्रायोजित सरकारी अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ चुका है कि वो जब चाहे, जहां चाहे, जैसे चाहे, कैसे भी, किसी की भी हत्या कर सकते है।

NDA सरकार सच्चाई स्वीकारने की बजाय वही घिसा-पीटा डायलॉग दोहरती रहती है कि सुशासन का राज है जबकि प्रतिदिन सैकड़ों लोग आपराधिक घटनाओं में अकाल मौत मारे जा रहे है। हम तो क्राइम बुलेटिन भी जारी करते है लेकिन अहंकारी सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। टायर्ड नेता और रिटायर्ड अधिकारी प्रदेश की विधि व्यवस्था सम्भालेंगे तो यही हश्र होगा।

इससे पहले भी तेजस्वी लगातार प्रदेश में हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर बिहार की एनडीए सरकार को घेरते आए हैं। और अब दरभंगा में जिस तरह मुकेश सहनी के पिता की घर में धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। उसने कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। और अब इस हत्याकांड पर सियासत भी तेज हो हुई है। वहीं पुलिस ने इस हत्याकांड में अब तक सीसीटीवी के आधार पर दो संदिग्धों को पकड़ा है।



