जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार आज मंगलवार को सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा दिनांक 29 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित विशेष लोक अदालत के लिए गठित कमिटी के द्वारा बैठक की गई।
इस बैठक में प्रवीण कुमार सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अष्टम, जयश्री कुमारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गोपाल प्रसाद गुप्ता, अवर न्यायाधीश, दशम, संदीप कुमार सिंह, अवर न्यायाधीश, षष्टम, उपस्थित थे।

जहां प्रवीण कुमार सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अष्टम ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली में एक विशेष लोक अदालत आयोजन किया जाना है। इसे लेकर बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा पत्र एवं निर्देश प्राप्त हुआ है। जिसके आलोक में आगामी 29 जुलाई 2024 से 03 अगस्त 2024 तक माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों से सम्बन्धित एक विशेष लोक अदालत का आयोजन माननीय सर्वोच्च न्यायालय में किया जायेगा।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अष्टम ने जिलेवासियों से यह अपील किया है कि अगर उनका कोई भी सुलहनीय बाद माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है तो इस अवसर का लाभ उठाकर अपने बाद को उक्त आयोजित होने वाले विशेष लोक अदालत में निस्तारण करवायें।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा यह बताया गया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रारम्भिक स्तर पर भेजे गये वादों में कॉसलिंग की प्रकिया जिला स्तर पर की गई है, और कुछ मामलों में समझोते की सहमति पक्षकारों ने दी है जिन्हें माननीय सवोच्च न्यायालय के दिशानिर्देश के आलोक में कार्यवाई की जा रही है। और मामले भी आते हैं तो उनमें भी कॉन्सलिंग की प्रकिया करते हुए वाद निस्तारण हेतु माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशानिर्देश के अनुसार कार्यवाई की जाएगी।


