मुजफ्फरपुर: तीसरी सोमवारी पर गरीबनाथ धाम में उमड़ा भक्तों का जन सैलाब

सावन की तीसरी सोमवारी पर रविवार रात 12 बजते ही बाबा गरीबनाथ का जलाभिषेक करने को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सेवादल और जिला प्रशासन की टीम कांवरियों की सहायता में तत्पर रही। करीब पांच लाख की भीड़ का अनुमान लगाते हुए पूर्व से ही सेवादलों की संख्या बढ़ा दी गई थी। जैसे-जैसे कावरियों और डाक बम का जत्था मंदिर में प्रवेश कर रहा था, हर हर महादेव के जयकारे से पूरा परिसर गूंज उठता था। कांवरिये अरघा से बाबा का जलाभिषेक कर रहे थे, जो सोमवार शाम तक जारी रहा।

मुजफ्फरपुर शहर में प्रवेश के ल‍िए गाइडलाइन, बाबा गरीबनाथ धाम में पहुंचेंगे  करीब दो लाख से अधिक कांवरिये - Guidelines for entering Muzaffarpur city,  more than two lakh Kanwariyas will reach Baba Garibnath Dham

जिला स्कूल से गरीबनाथ मंदिर तक कांवरियों की कतार लगी रही, हालांकि कांवरियों की भीड़ पांच किलोमीटर पहले रामदयालु के मलंग स्थान से ही शुरू हो चुकी थी। बाबा गरीबनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित विनय पाठक ने बताया कि मंदिर से उद्घोष किया जा रहा था कि जो कांवरिये शहर में पहुंच चुके हैं, वे रात नौ बजे तक बाबा के गर्भगृह में जलाभिषेक कर लें।

बताया कि जिस तरह की भीड़ देखी जा रही है, उससे अनुमान है कि तीसरी सोमवारी पर कांवरिये समेत पांच लाख श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। इनमें एक लाख से अधिक डाक कांवरिया, तीन लाख से अधिक सामान्य कांवरिया और 25 हजार से अधिक बाइक कांवरियों के शामिल रहने का अनुमान है।

जिला स्कूल से गरीबनाथ मंदिर पहुंचने में लगे चार घंटे 

तीसरी सोमवारी पर कांवरियों की भीड़ इतनी थी कि पांच किमी तक तांता लगा रहा। गरीबनाथ मंदिर से लेकर रामदयालु नगर मलंग स्थान तक सड़क पर भीड़ रही। कांवरियों का जत्था तुर्की से रामदयालु तक जगह-जगह शिविर में डेरा डाले हुआ था।

इस बार मधौल और कफेन गांव में लोग अपने दरवाजे व बरामदे में भी कांवरियों के ठहरने का प्रबंध कर रखे थे। वहीं, इस बार सभी सेवा शिविर भी काफी सहयोग करते देखे गए। दर्शनिया से लेकर आमगोला तक करीब 50 से अधिक सेवा शिविर लगाए गए थे।

डाक कांवरियों को धूप का करना पड़ा सामना

मौसम का साथ केवल लोकल कांवरियों को मिला। वहीं डाक कांवरियों को रविवार को धूप का सामना करना पड़ा। लगातार धूप-छांव की स्थिति बनी रही, जिसके कारण उन्हें उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा।

दिन के 12 बजे कड़ी धूप में पहलेजा से जल लेकर चलना पड़ा और रात 12 बजे आते-आते काफी मुश्किल से गुजड़ना पड़ा। लोकल और डाक कांवरियों के लिए मंदिर पर अरघा पर एक साथ ही जलाभिषेक की सुविधा दी गई थी, जिसके कारण डाक कांवरियों को भीड़ का सामना करना पड़ा।

शिविर का उद्घाटन

गिरिराज सिंह फैंस क्लब की ओर से आमगोला रोड में कांवरिया सेवा शिविर का उद्घाटन वर्चुअल रूप से केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने किया। मौके पर एसडीओ पश्चिमी बृजेश कुमार और डॉ. गौरव वर्मा आदि थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांवरियों की सेवा करना बाबा गरीबनाथ की सेवा करना है। मौके पर क्लब के संरक्षक देवांशु किशोर, मनीष कुमार, राजीव कुमार, रौशन कुमार, धनंजय कुमार, दिनेश झा, मुन्ना सिंह आदि थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.