बेगूसराय में 80 से अधिक स्कूल बंद: डीएम ने जारी किया आदेश, जानें वजह

जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति यथावत रहने के कारण जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक को पत्र जारी कर 27 अगस्त तक विद्यालय बंद रखने का आदेश दिया है।

जिलाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विद्यालय के उपस्कर व अन्य आवश्यक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखने का आदेश दिया है। बछवाड़ा प्रखंड में 30, बलिया प्रखंड में 27, मटिहानी प्रखंड में 14, साहेबपुर कमाल प्रखंड में 6, तेघड़ा प्रखंड में 7 विद्यालय बाढ़ से प्रभावित है।

बेगूसराय में बच्चों का डाटा अपलोड नहीं करने वाले निजी स्कूलों का रद्द होगा निबंधन

निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का डाटा अब तक ई शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया काफी धीमी है। इसके कारण लगातार जिला शिक्षा विभाग से राज्य कार्यालय जवाब तलब कर रहा है।

इसको लेकर समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने दो दिनों के अंदर बचे हुए सभी बच्चों का डाटा अपलोड कराने हेतु सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधकों को दायित्व सौंपा है।

डीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि मंसूरचक प्रखंड को छोड़कर बाकी के प्रखंडों में स्थित निजी स्कूलों में बच्चों का डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया काफी धीमी है। इसलिए सभी प्रखंड परियोजना प्रबंधक के साथ सभी बीईडीएमसी आपरेटरों को यह निर्देश दिया गया है कि वे सभी स्कूलों से समन्वय स्थापित करते हुए दो दिनों के अंदर बच्चों का डाटा ई शिक्षाकोष पोर्टल पर अपलोड कराना प्रारंभ करवाएं।

जो विद्यालय इसमें कोताही करते हैं उनका निबंधन एवं यू-डाईस कोड रद करवाने की कार्रवाई करें। इसको लेकर 23 अगस्त को सभी संबंधितों के साथ आनलाइन मीटिंग भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला के 478 निजी स्कूल शिक्षा विभाग से निबंधित हैं।

जिसमें से अब तक 273 स्कूलों ने ही डाटा अपलोडिंग का कार्य आरंभ किया है। इन स्कूलों द्वारा 20 अगस्त तक में मात्र 24734 बच्चों का डाटा ही अपलोड किया जा सका है। इसमें 14791 छात्राएं तथा 9941 छात्र शामिल हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.