पटना: राज्यसभा उपचुनाव में उपेन्द्र कुशवाहा के साथ बड़ा खेला हो गया है. भाजपा के विवेक ठाकुर व राजद की मीसा भारती के लोकसभा सदस्य चुन लिए जाने के कारण राज्यसभा की दोनों सीटें रिक्त हुई है. उपचुनाव में अब एनडीए की ओर से राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा और भाजपा के मनन मिश्रा उम्मीदवार बनाए गए हैं.

दोनों ने नामांकन भी कर दिया है और विरोध में किसी के नामांकन नहीं करने से उपेन्द्र कुशवाहा और मनन मिश्रा का निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है. लेकिन सब कुछ आसानी से हो जाने के बाद भी उपेंद्र कुशवाहा के बदले भाजपा ने मलाई खुद खा ली.

दरअसल, मीसा भारती की रिक्त सीट का कार्यकाल 07 जुलाई, 2028 तक है और विवेक ठाकुर की सीट का कार्यकाल 09 अप्रैल, 2026 तक है. उप चुनाव के तहत नव-निर्वाचित होने वाले दोनों सदस्यों का कार्यकाल शेष अवधि के लिए इसी अनुरूप होगा. यहीं उपेंद्र कुशवाहा के साथ खेला हो गया.

उपेंद्र कुशवाहा ने विवेक ठाकुर की खाली हुई सीट पर नामांकन किया. ऐसे में उनका कार्यकाल करीब 18 महीने यानी अप्रैल 2026 तक होगा. दूसरी ओर मनन मिश्रा के बहाने भाजपा ने लॉटरी अपने पास रख ली. मनन ने मीसा की खाली हुई सीट पर नामांकन किया है. इससे वे जुलाई 2028 तक राज्यसभा सदस्य होंगे.

चुनाव साधने की कोशिश
सियासी जानकारों का मानना है कि भाजपा ने सोची समझी रणनीति के तहत उपेंद्र कुशवाहा को विवेक ठाकुर वाली सीट पर उतारा है. यह विधानसभा चुनाव 2025 तक एनडीए को एकजुट रखने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा बिहार में सत्तासीन होना चाहती है.

इसमें अलग अलग मतदाता वर्ग को साधने की कवायद भी जारी है. उपेन्द्र कुशवाहा की पहचान कुशवाहा नेता के तौर पर है. ऐसे में उपेन्द्र एनडीए के साथ रहेंगे तो उनके बहाने कुशवाहा मतदाताओं को साधने में भाजपा सफल हो सकती है.

बिहार में कुशवाहा मतदाताओं की भरमार
2 अक्टूबर 2023 को बिहार में जातिगत जनगणना की रिपोर्ट जारी हुई थी. रिपोर्ट में बिहार में पिछड़े वर्ग की आबादी 27 प्रतिशत बताई गई. पिछड़े वर्ग में कुल 30 जातियां हैं. पिछड़े वर्ग में सबसे ज्यादा आबादी यादव जाति की है. रिपोर्ट के मुताबिक 14.26 फीसदी यादव हैं. इसके बाद इस वर्ग में दूसरी सबसे बड़ी जाति की बात की जाए वो है कुशवाहा समाज.

बिहार में लगभग 4.21 प्रतिशत आबादी कुशवाहा समाज की है. रिपोर्ट में इनकी संख्या करीब 55 लाख बताई गई है. यही कारण है कि इस बार लोकसभा चुनाव में भी INDIA गठबंधन ने कुल 7 कुशवाहा को टिकट दिया जबकि एनडीए ने चार कुशवाहा उम्मीदवार उतारे थे जिसमें तीन जदयू और एक उपेन्द्र कुशवाहा खुद थे. भाजपा ने किसी कुशवाहा को प्रत्याशी नहीं बनाया था.
