पटना:आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने जाति जनगणना को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर जोरदार हमला बोला है. सिंगापुर से लौटने के अगले ही दिन उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने कहा कि इन लोगों का कान पकड़कर और दंड बैठक कराकर इनसे जातिगत जनगणना कराएंगे. उन्होंने कहा कि इनकी क्या औकात है कि ये लोग जातिगत जनगणना नहीं कराएंगे?

‘जाति जनगणना के लिए मजबूर कर देंगे’
लालू यादव ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर अपनी बात को बढ़ाते हुए कहा कि हमलोग भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को इतना मजबूर कर देंगे कि उन लोगों को देशभर में जातिगत जनगणना करना ही पड़ेगा. आरजेडी अध्यक्ष ने कहा कि दलित, पिछड़ा, आदिवासी और गरीब की एकता दिखाने का समय अब आ चुका है. इसलिए हमें मिलकर आवाज उठाना होगा.

सिंगापुर से लौटे लालू यादव
सोमवार को लालू प्रसाद यादव सिंगापुर से रुटीन मेडिकल चेकअप के बाद पटना लौट आए. करीब 2 साल पहले सिंगापुर में ही उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था. दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य ने उनको अपनी एक किडनी डोनेट किया था. हालांकि सिंगापुर से लौटने के बाद पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों के सवाल का कोई जवाब नहीं दिया लेकिन आज सुबह-सुबह जाति जनगणना को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर तगड़ा हमला बोला है.

बिहार यात्रा पर निकलेंगे तेजस्वी
आपको बताएं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव 10 सितंबर से बिहार यात्रा पर निकलने वाले हैं. राष्ट्रीय जनता दल आरक्षण के कोटे को बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहा है. पार्टी की मांग है कि केंद्र सरकार 65 आरक्षण के फैसले को संविधान की 9वीं अनुसूची में डाले.
