पटना के 76 स्कूल शनिवार तक के लिए बंद, बाढ़ के कारण DM का निर्देश जारी

पटना: राजधानी पटना में बाढ़ के हालात बनते जा रहे हैं. खास कर दियारा क्षेत्र की बात करें तो यहां बाढ़ का सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है. ऐसे में पटना डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने 21 सितंबर तक के लिए जिले के 76 स्कूलों को बंद करने का निर्देश जारी किया है. आज 18 सितंबर से विद्यालयों में शुरू हो रही अर्धवार्षिक परीक्षाएं भी इन 76 विद्यालयों में स्थगित हो गई हैं. बाढ़ की स्थिति सामान्य होने के बाद जब विद्यालय खुलेंगे तो दोबारा से इन स्कूलों में परीक्षाएं आयोजित की जाएगी.

Patna Schools Closed

पटना जिले के 76 स्कूल बंद

पटना डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा है कि अभी के समय गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है. इसके अलावा नदी की धारा काफी तेज होने के कारण स्कूल के बच्चों एवं शिक्षकों के जीवन एवं स्वास्थ्य पर खतरा को देखते हुए शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 677 दिनांक 24.08.2024 के आलोक में आठ प्रखंड के 76 विद्यालयों को शनिवार 21 सितंबर तक के लिए बंद किया गया है.

स्कूल खुलने पर होंगी अर्धवार्षिक परीक्षाएं

बुधवार देर रात पत्र जारी कर डीएम ने दियारा क्षेत्र में अवस्थित विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है. शनिवार को विद्यालयों को लेकर के रिव्यू बैठक की जाएगी. गंगा की जलस्तर में कमी आई तो विद्यालय खुलेंगे. दोबारा से जब इन क्षेत्रों के विद्यालय खुलेंगे तो घाट पर विभाग द्वारा निर्देशित सुरक्षा के सभी प्रबंध किए जाएंगे.

8 प्रखंडों की 20 पंचायत के स्कूल होंगे बंद

पटना जिले के अथमलगोला के रामनगर दियारा, बाढ़ के इब्राहिमपुर, बख्तियारपुर के चिरैया रूपस, हरदासपुर दियारा, काला दियारा, रूपस महाजी, दानापुर के अकिलपुर, गंगहारा, हेतनपुर, माधवपुर, कासिमचक, मानस, पानापुर, पतलापुर, हैवसपुर, फतुहा के मोमिन्दपुर, मनेर के गंगहरा, पतलापुर, मोकामा के शिवनार और पटना सदर के नकटा टोला दियारा स्थित स्कूल 21 सितंबर तक बंद रहेंगे.

क्या है शिक्षा विभाग का निर्देश?

बिहार के शिक्षा विभाग की ओर से सभी जिला पदाधिकारी को यह निर्देशित किया गया है कि वह अपने जिले में ऐसे घाट को चिह्नित करें, जहां से नाव पकड़कर बच्चे और शिक्षक विद्यालय आते-जाते हैं. इन जगहों पर सरकारी स्तर से नाव की व्यवस्था की जाए और नाव पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट उपलब्ध हो. इसके अलावे इन जगहों पर एसडीआरएफ की तैनाती हो, साथ ही साथ प्रशिक्षित गोताखोरों की भी तैनाती नाव पर की जाए.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading