दुर्गा पूजा के दौरान मूसलाधार बारिश के आसार, जानिए अपने जिले का हाल

पटना:बारिश का असर दुर्गा पूजा पर भी देखने को मिल सकता है. हालांकि पटना समेत कई जिलों में दशहरा तक मौसम एक बार फिर से शुष्क रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार आज खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार पुरवा हवा की वजह से बिहार के कुछ भागों में मॉनसून सक्रिय है. जिस वजह से कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना है.

भागलपुर-बांका में होगी तेज बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को प्रदेश के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. हालांकि पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के आसपास के इलाके में कम दबाव के चलते एक चक्रवात बन रहा है. शाम में पुरवा हवा चलने के कारण बादल छाए रहेंगे और मौसम भी सामान्य बना रहेगा. वहीं बांका, भागलपुर सहित पांच जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने के आसार है.

बांका में सबसे ज्यादा हुई बारिश

बता दें कि मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म जिला बेगूसराय रहा. यहां का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री दर्ज किया गया है. पिछले 24 घंटों में बिहार के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक बारिश बांका में 87.4 मिमी रिकॉर्ड हुई. इसके अलावा नालंदा में 71 मिमी, शेखपुरा में 40 मिमी, पटना में 38 मिमी, गया में 19 मिमी, औरंगाबाद में 18.6 मिमी और लखीसराय में 10.6 मिमी बारिश दर्ज हुई.

पटना में 20 फीसदी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक पटना में इस मॉनसून सीजन में 1 जून से अब तक 20 फीसदी कम बारिश हुई है. सबसे कम बारिश वाले जिलों में सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर शामिल हैं.

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार में कल कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश हो सकती है. जिसके बाद 11 से 14 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. प्रदेश के कई हिस्सों में मॉनसून विदा हो चुका है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.