हाल ही में आयोजित पैरालंपिक खेलों में देश के दिव्यांग खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का मान बढ़ाया. इसी कड़ी में गोपालगंज का एक दिव्यांग खिलाड़ी भी देश को गौरवान्वित करने की राह पर आगे बढ़ रहा है. कुचायकोट प्रखंड के सीरिसिया वृति टोला निवासी राकेश पंडित ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है.

नेशनल व्हीलचेयर रग्बी चैंपियनशिप में बिहार को दिलाया तीसरा स्थान
राकेश पंडित ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित 6वीं नेशनल व्हीलचेयर रग्बी चैंपियनशिप-2024 में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व किया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत बिहार को पूरे देश में तीसरा स्थान दिलाया. इस प्रतियोगिता में कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में बिहार की टीम ने कर्नाटक को 9-5 से हराकर जीत हासिल की.
ग्वालियर में आयोजित हुई थी राष्ट्रीय प्रतियोगिता
यह चैंपियनशिप अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र, ग्वालियर में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से 15 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया था. बिहार टीम के शानदार प्रदर्शन के कारण टीम ने कांस्य पदक पर कब्जा किया.

टीम के अन्य खिलाड़ियों का भी रहा शानदार प्रदर्शन
बिहार की टीम में राकेश पंडित के अलावा कप्तान शैलेश कुमार (गया), दीपक शर्मा (सीवान), दीपक सिंह और अमित सिंह (सारण), संजीव कुमार (नालंदा), धीरज कुमार (आरा) और राहुल दयाल (पटना) शामिल थे. सभी खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

व्हीलचेयर पर रहते हुए भी पैरालंपिक में जाने का सपना
राकेश पंडित, जो सीरिसिया निवासी स्वर्गीय शिवनाथ पंडित और सलेमा देवी के पुत्र हैं, कमर से नीचे का कोई अंग काम नहीं करता.

बावजूद इसके, उनका हौसला बुलंद है और उन्होंने पैरालंपिक में हिस्सा लेने का सपना देखा है. राकेश पहले भी छत्तीसगढ़ में बास्केटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं. उनकी इस उपलब्धि पर गांव के लोग और खेल प्रेमी उन्हें बधाई दे रहे हैं.


