आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने शुक्रवार को नवरात्रि के अवसर पर पटना के दानापुर मछुआटोली स्थित श्री 108 काली पूजा समिति द्वारा स्थापित भव्य मां काली की प्रतिमा के दर्शन किए।

इस दौरान उनके साथ बेटी मीसा भारती भी अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। दुर्गानवमी के मौके पर लालू प्रसाद ने दस सर्कुलर रोड स्थित आवास से दानापुर इलाके में बने कई पूजा पंडालों और सजावट को देखा।
पूजा समिति के अध्यक्ष केडी यादव ने बताया कि लालू प्रसाद और मीसा भारती करीब आधा घंटे तक वहां रुके और प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान बिहार के लोगों के लिए मंगल कामना की। इससे पहले गणेश चतुर्थी पर भी लालू यादव बप्पा के पंडाल पहुंचे थे, और पूजा अर्चना की थी।


दुर्गा पूजा को लेकर पटना के मंदिरों में आकर्षक सजावट की गयी। श्रीबड़ी देवी मारुफगंज, दलहट्टा, महाराजगंज, सिद्ध शक्तिपीठ बड़ी पटनदेवी, छोटी पटनदेवी, शीतला माता मंदिर, सर्वमंगला देवी मंदिर, पीताम्बरा मंदिर, कमला देवी कचौड़ी गली,

टेढ़ीघाट, नुरुद्दीनगंज, पूर्वी नंदगोला, जलकद्दरबाग, चैलीटाल, मंसाराम का अखाड़ा, नयागांव, बालकिशुनगंज, टेकारी रोड, मोर्चा रोड, महेन्द्र, रानीपुर समेत विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।


सतरंगी बल्वों से जगमग सड़कों पर माता के भजन गूंजते रहे। लोग टोलियों में निकल कर प्रतिमाओं व सजावट के संग मेले का लुत्फ उठा रहे थें। यह सिलसिला पूरी रात जारी रहा।


