मुजफ्फरपुर में राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का होने जा रहा आयोजन

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना के तत्वावधान में मुजफ्फरपुर में राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय खेल की गरिमा एवं विभागीय दिशानिर्देश के अनुरूप प्रतियोगिता का सफल एवं सुचारु आयोजन सुनिश्चित करने हेतु जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में अधिकारियों के साथ बैठक की तथा आवश्यक निर्देश दिया।

प्रतियोगिता का स्वरूप राज्यस्तरीय होने तथा अधिक संख्या में प्रतिभागियों के शामिल होने विशेषकर बालिकाओं की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने खेल मैदान एवं आवासन स्थल पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया। साथ ही डाक्टर/पारा मेडिकल स्टाफ/ एंबुलेंस/दवा आदि की समुचित व्यवस्था रखने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।

साथ ही आपात स्थिति से निपटने हेतु एसकेएमसीएच में भी समुचित व्यवस्था करने को कहा। खेल मैदान की तैयारी मानक के अनुरूप करने तथा साफ-सफाई की सुदृढ़ व्यवस्था करने को कहा।

उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी से समन्वय बनाते हुए खिलाड़ियों/ दल प्रभारियों/ तकनीकी पदाधिकारियों के आवासन एवं खान-पान की व्यवस्था करने को कहा। अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी को आवासन स्थल का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

किन खेल विधाओं की होगी प्रतियोगिता

वार्षिक खेल कार्यक्रम 2024- 25 के अंतर्गत मुजफ्फरपुर में कुल तीन खेल विधाओं में प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
1/बैडमिंटन में अंडर 14,17,19 बालिका वर्ग।
2/‌ रग्बी में अंडर 17 बालिका वर्ग।
3/ हाकी अंडर 14,17,19 बालक वर्ग।

कितने प्रतिभागी होंगे शामिल

बैडमिंटन में 468 खिलाड़ी, 234 दल प्रभारी तथा 16 तकनीकी पदाधिकारी के शामिल होने की संभावना है।
रग्बी में 456 खिलाड़ी, 76 दल प्रभारी तथा 15 तकनीकी पदाधिकारी के शामिल होने की संभावना है।
हॉकी में 684 खिलाड़ी, 76 दल प्रभारी तथा 15 तकनीकी पदाधिकारी के शामिल होने की संभावना है। इस प्रकार इस राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में कुल 1608 खिलाड़ी, 386 दल प्रभारी तथा 46 तकनीकी पदाधिकारी के शामिल होने की संभावना है।

कब और कहां होंगे विधावार खेल का आयोजन

हॉकी का आयोजन 15 से 18 नवंबर तक पंडित नेहरू स्टेडियम सिकंदरपुर में होगा।
रग्बी मैच का आयोजन के 21 से 24 नवंबर तक खुदीराम बोस मैदान मुजफ्फरपुर में होगा।

बैडमिंटन खेल प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 25 अक्टूबर तक स्पोर्ट्स कंपलेक्स सिकंदरपुर में होगा। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी को आवासन स्थल का भ्रमण कर सभी आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु शारीरिक शिक्षकों की भी तैनाती करने का निर्देश दिया है।‌‌ जिलाधिकारी ने संपूर्ण कार्य के सफल एवं सुव्यवस्थित तैयारी करने तथा विभिन्न उपसमिति का गठन कर दायित्व का निर्धारण करने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री श्रेष्ठ अनुपम,अपर समाहर्ता आपदा श्री मनोज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी श्री अमित कुमार,जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री अजय कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी श्री मिथिलेश कुमार सिंह, सहित कई अन्य अधिकारी एवं खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading