मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के कन्हौली इलाके में गणेश उत्सव पूजा समिति की ओर से आयोजित गणेश पूजा महोत्सव के चौथे दिन भव्य सांस्कृतिक संध्या एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें मंत्री राजभूषण निषाद, महिला अध्यक्ष सोनी तिवारी, संस्थापक कृष्णानंद पांडे, महामंत्री भारत भूषण, बबलू तिवारी, सुप्रिया कुमारी, अनीता पांडे, सुजीत पटेल सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग संयुक्त रूप से शामिल हुए। दीप प्रज्वलन के साथ ही सांस्कृतिक संध्या का विधिवत उद्घाटन किया गया।


‘नृत्य है अभिव्यक्ति… संस्कृति है हमारी पहचान’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के विभिन्न स्कूलों और डांसिंग इंस्टीट्यूट से पहुंचे बच्चों एवं प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक शानदार नृत्य प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया और हजारों की संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभा, संस्कृति और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिला।


नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन सम्मानित निर्णायक मंडल के सदस्य गौरी शंकर मिश्रा, अजीत सहगल, अनिल शेखावत और अंकिता कुमारी ने किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनके नृत्य कौशल, प्रस्तुति और प्रतिभा को परखा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट एवं मोमेंटो देकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया।


वहीं, पूरे कार्यक्रम का शानदार मंच संचालन सौरभ कुमार, डायरेक्टर लाडो क्रिएशन ने किया। अपनी प्रभावशाली एंकरिंग और मंच संचालन से उन्होंने कार्यक्रम में लगातार ऊर्जा बनाए रखी और प्रतिभागियों एवं दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। छह दिवसीय जागरण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन लाडो क्रिएशन के बैनर तले किया जा रहा है।


गणेश उत्सव पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना और भारतीय संस्कृति से जोड़ना भी है। कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से समाजसेवा से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया गया, जिसमें रक्तदान करने वाले रक्तवीरों, जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण करने वाले सेवादारों और कांवरिया सेवा शिविर में योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की पहल शामिल रही।


कार्यक्रम के दौरान भव्य आरती का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। ‘कन्हौली के राजा’ के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा। धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बच्चों के सम्मान ने गणेश उत्सव की इस शाम को खास बना दिया। हजारों की भीड़ के बीच देर शाम तक पूरा परिसर उत्सव के रंग में डूबा नजर आया।


गणेश उत्सव पूजा समिति द्वारा आयोजित यह नौ दिवसीय नहीं बल्कि लगातार नौवें वर्ष का गणेश उत्सव है, जिसका आयोजन 14 सितंबर से 19 सितंबर तक किया जा रहा है और 20 सितंबर को गणपति बप्पा का विसर्जन किया जाएगा।

