कमला तटबंध किनारे बनेगा आश्रय स्थल: श’वदाह करने में होगी आसानी, अब नहीं झेलना पड़ेगी मौसम की मार

मधुबनी: झंझारपुर नगर परिषद क्षेत्र में कमला नदी के किनारे परतापुर श्मशान स्थल के नजदीक एक नए आश्रय स्थल का शिलान्यास किया गया है. इस अवसर पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री संजय झा ने शिला पूजन किया.

आश्रय स्थल का निर्माण जल संसाधन विभाग द्वारा किया जा रहा है, जिसकी लागत 57 लाख 18 हजार रुपये है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्माण कार्य को दो माह के भीतर पूरा करें, ताकि 14 जनवरी 2025 को मकर संक्रांति के दिन इसका उद्घाटन किया जा सके.

इस आश्रय स्थल का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, विशेषकर उन परिवारों के लिए जो श्मशान में अपने प्रियजनों के अंतिम संस्कार के लिए आते हैं.

परतापुर श्मशान स्थल पर अधिकांश शवदाह किए जाते हैं, और इस प्रक्रिया के दौरान शव यात्रा में शामिल लोगों को अक्सर धूप, बारिश और ठंड का सामना करना पड़ता है. नए आश्रय स्थल के निर्माण से इन समस्याओं से राहत मिलेगी.

समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी
बता दें कि आश्रय स्थल दो मंजिल का होगा, जो आने वाले लोगों को सुरक्षित और आरामदायक वातावरण प्रदान करेगा. इससे न केवल शव यात्रा में शामिल लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि श्मशान स्थल पर होने वाली गतिविधियों में भी सुव्यवस्था आएगी.

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस निर्माण से उन्हें लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी. इस आश्रय स्थल का निर्माण क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो कि न केवल सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि सामाजिक समरसता को भी मजबूत करेगा. स्थानीय लोगों का मानना है कि इस पहल से उनकी जीवनशैली में सुधार होगा और कठिन समय में उन्हें एक सहारा मिलेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading