बक्सर: विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी इन दिनों एनडीए नेताओं पर हमलावर हैं. इस बार उन्होंने उम्र को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है. बक्सर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए वीआईपी चीफ ने कहा कि सीएम के रिटायरमेंट का समय कब का बीत गया है लेकिन जबरदस्ती कुर्सी पर बैठे हैं.

नीतीश पर सहनी का तंज
मुकेश सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि 75 साल के दूल्हे को अब बिहार के लोग स्वीकार नही करेंगे. इसी वजह से नीतीश कुमार वैसे लोगो का भी पैर छू रहे हैं, जो कभी सीएम की कुर्सी के पीछे खड़े होकर अपनी फोटो खिंचवाते थे. उम्र में बड़े लोगो का पैर छूना हमारा संस्कार है लेकिन नरेंद्र मोदी का पैर छूकर नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचाने की जुगाड़ कर रहे है. शायद सीएम भूल रहे हैं कि इंडिया गठबंधन के पास यंग दूल्हा है और उसकी अगुआई में सरकार बनने जा रही है.

नफरत की राजनीति करती है बीजेपी
पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने रांची को कराची बनने के दावे वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी नफरत की राजनीति करती है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए, क्योंकि जब उनका ही मंत्री ये कहता है कि रांची को करांची बनाने की कोशिश हो रही है तो उनको शर्म आनी चाहिए.

वीआईपी चीफ ने कहा कि 1998 से 2024 तक बीच के 10 साल को छोड़कर देश में बीजेपी की ही सरकार रही है. इसके बावजूद कैसे झारखंड या किसी भी राज्य में घुसपैठिये घुस रहे हैं?

बक्सर दौरे पर मुकेश सहनी
वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी संकल्प यात्रा के दौरान मंगलवार को बक्सर दौरे पर थे. जिला अतिथिगृह में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही लोगो में इंडिया गठबंधन के प्रति गजब का उत्साह देखा जा रहा है.

उन्होंने दावा किया कि हमारे गठबंधन की सरकार बनने जा रही है. जिसमें मैं भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेवारी निभाऊंगा. 12 प्रतिशत वोट निषाद समाज की है. सरकार बनाने से लेकर सरकार चलाने में हमारी पार्टी के नेता अहम भूमिका निभाएंगे.