प्रमंडलीय आयुक्त सरवणन एम की अध्यक्षता में मुजफ्फरपुर जिला में संचालित विकास एवं कल्याण की योजनाओं तथा निर्वाचन से संबंधित संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा समाहरणालय सभागार में की गई। इस दौरान प्रमुख रूप से सोलर लाइट का अधिष्ठापन, पंचायत सरकार भवन , निर्मित पंचायत सरकार भवनों में डाकघर खुलने की स्थिति, पंचायतों में बायोमेट्रिक डिवाइस का अधिष्ठापन एवं उसका उपयोग, पेयजल आपूर्ति, राशन कार्ड की अद्यतन स्थिति, आधार सीडिंग, प्रवासी मजदूरों के लिए निर्गत राशन कार्ड की स्थिति, निरीक्षण /छापेमारी/कार्रवाई, धान अधिप्राप्ति, फसल सहायता योजना, नीलाम पत्र वाद की अद्यतन स्थिति तथा विशेष अभियान के तहत संचालित वोटर लिस्ट अद्यतीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में अवगत कराया गया कि सोलर लाइट अधिष्ठापन में मुजफ्फरपुर जिला का स्टेट लेवल रैंकिंग में दूसरा स्थान प्राप्त है। पंचायत सरकार भवन की समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले के 373 पंचायत में से अब तक 65 पंचायत सरकार भवन बन चुके हैं तथा 124 पंचायत सरकार भवन के निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर नया प्रस्ताव विभाग को भेजा गया है। 122 पंचायत सरकार भवन निर्माणाधीन है जिसमें भवन निर्माण विभाग द्वारा 85, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन द्वारा 30 तथा ग्राम पंचायत द्वारा 27 निर्माणाधीन है। आयुक्त ने विभागीय मानक के अनुरूप भवन निर्माण करने हेतु बांछित उपयुक्त जमीन के चिह्निकरण के लिए चेकलिस्ट बनाने, साइट विजिट करने का निर्देश दिया।

जिलांतर्गत निर्मित पंचायत सरकार भवनों में सरकारी दिशानिर्देश के अनुरूप डाकघर खुलना है। इससे न केवल सरकारी कार्यों का सुगम एवं शीघ्र निष्पादन होगा बल्कि भवनों को बहुपयोगी एवं जनोपयोगी बनाते हुए डाकघर के माध्यम से आम लोगों के लिए सेवाओं को सुगम एवं द्रूत बनाया गया है। वर्तमान में 27 पंचायत सरकार भवन में डाकघर खुल चुके हैं।

उप विकास आयुक्त को प्रधान डाकघर से समन्वय स्थापित कर अन्य निर्मित पंचायत सरकार भवनों में भी डाकघर खुलवाने का निर्देश दिया गया।
सभी पंचायतों में बायोमेट्रिक डिवाइस का अधिष्ठापन किया गया है। डिवाइस को कार्यरत रखने तथा डिवाइस के माध्यम से कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश डीपीआरओ को दिया गया। पीएचईडी विभाग के मुजफ्फरपुर एवं मोतीपुर डिवीजन के कार्यपालक अभियंता को हर घर तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।

आपूर्ति की समीक्षा करते हुए पाया गया कि जिला अंतर्गत 1084000 राशन कार्डधारी तथा 2353 डीलर हैं। नवंबर माह में खाद्यान्न का उठाव 99.78% हुआ है तथा वितरण 81% हुआ है। तेजी लाने का निर्देश दिया गया। जिले में 8283 प्रवासी मजदूरों को राशनकार्ड निर्गत किया गया है। वन नेशन वन राशन कार्ड के तहत अब कोई भी लाभुक किसी भी डीलर के यहां राशन ले सकता है चाहे वह देश के किसी भी हिस्से में रहते हैं।

जिले में अब तक 1126 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति हुआ है। एडीएम राजस्व सह नोडल पदाधिकारी को अधिप्राप्ति एवं भुगतान के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही एसडीओ पूर्वी एवं पश्चिमी को मानिटर कर प्रगति लाने को कहा। बैठक में अवगत कराया गया कि जिले में सीएमआर के कुल 6 गोदाम हैं जिसकी कुल क्षमता 9000 मीट्रिक टन है। जिला सहकारिता पदाधिकारी बैठक से अनुपस्थित पाई गई। उनसे स्पष्टीकरण करने तथा विभाग को प्रतिवेदित करने का निर्देश दिया गया।
महिला 1603991
पुरूष 1795117
अन्य 101
कुल 3399209 वोटर हैं। सीनियर सिटीजन 25417, युवा 18258,
पीडब्लूडी 24465
लिंगानुपात 894 है।
विशेष संक्षिप्त परीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत 17633 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
18-19 आयु वर्ग के 2757 तथा महिलाओं के 7799 फार्म प्राप्त हुए।
जिले में कुल मतदान केंद्र 3481 है।

आयुक्त ने निर्वाचक सूची की तैयारी हेतु सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को चेकलिस्ट बनाने तथा एहतियाती उपायों का सावधानी से पालन करने का निर्देश दिया। इसके लिए आयोग की मार्गदर्शिका का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, नगर आयुक्त विक्रम विरकर,उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, अपर समाहर्ता संजीव कुमार, अपर समाहर्ता आपदा मनोज कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था सुधीर कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी श्रेयाश्री, सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

