हॉकी इंडिया ने ‘हॉकी बिहार’ की मान्यता रद्द कर दी है और इस संबंध में हॉकी बिहार को एक पत्र जारी किया है। हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने पत्र में बताया कि 4 दिसंबर को हॉकी बिहार के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने राजगीर में आयोजित एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप को लेकर कुछ शिकायतें की थीं।


हॉकी बिहार की मान्यता रद्द
पत्र में यह उल्लेख किया गया कि आयोजन के दौरान हॉकी बिहार के महासचिव मुश्ताक अहमद ने न तो अधिकारियों से मुलाकात की और न ही आयोजन में कोई विशेष सहयोग दिया। इस वजह से राज्य में हॉकी को बढ़ावा देने के लिए हॉकी इंडिया के प्रयासों को नुकसान पहुंचा।
हॉकी इंडिया ने दिया था शोकॉज नोटिस
इसके चलते हॉकी इंडिया ने 12 दिसंबर को हॉकी बिहार को शोकॉज नोटिस जारी करते हुए सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा था। लेकिन हॉकी बिहार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। वहीं, मुश्ताक अहमद ने हॉकी इंडिया के इस निर्णय को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि यह खेल विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी की साजिश है।



