पटना: 70वीं बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर पिछले 5 दिनों से पटना के गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति के पास धरना पर बैठे थे. सोमवार 6 दिसंबर को अहले सुबह पटना पुलिस ने प्रशांत किशोर को हिरासत में लेकर गांधी मैदान में चल रहे धरना खत्म करवाया. वहीं परिवहन विभाग के अधिकारी उनका वैनिटी वैन जब्त कर अपने साथ ले गए हैं.

प्रशांत किशोर की वैनिटी वैन जब्त
प्रशांत किशोर की वैनिटी वैन चर्चाओं में छाया रही. पूरे अनशन के दौरान वैनिटी वैन को लेकर खूब चर्चा हुई. विपक्ष का आरोप है कि वैनिटी वैन में पीके फ्रेश होते थे और फिर अभ्यर्थियों के साथ होने का नाटक कर रहे थे. अब पीके की महंगी वैनिटी वैन डीटीओ ने जब्त कर ली है. हालांकि इसे जब्त करने का कारण क्या है ये साफ नहीं हो सका है.

‘प्रशांत किशोर का धरना सरकार प्रायोजित’
आरजेडी अब प्रशांत किशोर के धरना को सरकार प्रायोजित धरना बता रही है. आरजेडी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी का कहना है कि जब गांधी मैदान में किसी तरीके के धरना प्रदर्शन की इजाजत नहीं है तो फिर वहां 5 दिनों तक धरना देने की इजाजत आखिर क्यों दी गई.

51 सदस्य के सत्याग्रह कमेटी पर सवाल
आरजेडी प्रवक्ता का कहना है कि प्रशांत किशोर से यह आंदोलन संभल नहीं पा रहा था, इसीलिए 51 सदस्य सत्याग्रह कमेटी का गठन किया गया. यही कारण है कि सरकार की मिली भगत से इनका आंदोलन वहां से हटाया गया है. बिहार के छात्रों के बीच प्रशांत किशोर एक्सपोज हो गए हैं. बीपीएससी अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने का काम तेजस्वी यादव करवाएंगे.

5 दिनों का अनशन हटाया
पिछले 5 दिनों से अनशन पर बैठे प्रशांत किशोर को गांधी मैदान के गांधी मूर्ति के पास से हटाया गया. प्रशांत किशोर को पहले एम्स फिर अन्य अस्पताल में भर्ती करने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रशांत किशोर के समर्थकों के कारण बिहटा के ESIC अस्पताल में रखा गया है. कुछ देर के बाद प्रशांत किशोर को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी.


जेडीयू का पीके पर हमला
वहीं जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि कंबल और वैनिटी वैन वाले जो मीडिया के सवालों को बैन करते हैं. प्रशांत किशोर जी गांधी मैदान पटना में पटना उच्च न्यायालय के निर्देश की लगातार अवहेलना कर रहे थे. प्रशासन लगातार आग्रह कर रहा था लेकिन हठधर्मिता के शिकार हो गए थे.प्रचार के भूखे हैं. बीएससी अभ्यर्थियों ने आपकी मांग को दरकिनार कर दिया और एग्जाम में शामिल हो गए, फिर नौटंकी किस बात की. केवल प्रचार के भूखे हैं.