बीपीएससी 70वीं प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट कब होगा जारी? आसानी से ऐसे कर पाएंगे चेक

बिहार में बीपीएससी 70वीं प्रारंभिक परीक्षा को लेकर कथित अनियमितताओं और गड़बड़ियों पर विवाद जारी है। हजारों छात्र परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित कराने की मांग कर रहे हैं। इसी बीच प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम की तारीख और मुख्य परीक्षा से जुड़ा अपडेट सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) जनवरी के अंतिम सप्ताह में 70वीं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा (BPSC 70th PT Exam) का परिणाम घोषित कर सकता है।

दरअसल, 13 दिसंबर को बिहार के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर बीपीएससी 70वीं पीटी परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के दिन से ही अभ्यर्थी गड़बड़ी का आरोप लगाकर इसे रद्द करने और दोबारा आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि पटना के बापू एग्जाम सेंटर में छात्रों को पेपर देरी से दिया गया और पेपर की सील पहले से खुली हुई थी। इसके चलते नाराज परीक्षार्थियों ने दूसरे परीक्षा कक्ष में जाकर अन्य छात्रों की शीट और पेपर फेंक दिए थे। इस घटना की पुष्टि परीक्षा कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी हुई है।

4 जनवरी को आयोजित हुआ री-एग्जाम
इसके बाद बीपीएससी ने जांच के बाद केवल बापू एग्जाम सेंटर की परीक्षा रद्द कर 4 जनवरी को 22 परीक्षा केंद्रों पर री-एग्जाम आयोजित किया गया। इस परीक्षा में कुल 5,943 कैंडिडेट शामिल हुए, जबकि 8,111 अभ्यर्थियों ने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया था। वहीं, 13 दिसंबर तो पटना के बापू परीक्षा केंद्र पर 5,500 कैंडिडेट ही परीक्षा देने पहुंचे थे, जबकि 12 हजार से अधिक कैंडिडेट्स को एडमिट कार्ड जारी किया गया था।

कब आ सकता है रिजल्ट

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट इसी महीने 25 से 30 जनवरी के बीच जारी हो सकता है। हालांकि आयोग ने अभी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर इसे लेकर कोई आधिकारिक नोटिस जारी नहीं किया है, जो किसी भी समय जारी हो सकता है। इस भर्ती परीक्षा के जरिए कुल 2,035 रिक्त पद भरे जाएंगे।

अप्रैल में होगी मुख्य परीक्षा

प्रारंभिक परीक्षा में करीब 4 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे, सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीपीएससी 70वीं मुख्य परीक्षा अप्रैल में होगी। हालांकि हजारों अभ्यर्थी अभी भी पटना के गांधी मैदान में परीक्षा रद्द की मांग पर अड़े हुए है और धरने पर बैठे हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.