राजद सांसद ने प्रशांत किशोर को बताया दिल्ली का दलाल, तेजस्वी की यूं की तारीफ

जहानाबाद में सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने 15 जनवरी को आयोजित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ता संवाद यात्रा की तैयारियों के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला। सांसद ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को ‘दिल्ली सरकार का दलाल’ करार दिया और कहा कि वह बिहार के छात्रों के लिए कोई भला नहीं कर सकते।

प्रशांत किशोर पर आरोप
सांसद सुरेंद्र यादव ने कहा कि प्रशांत किशोर का उद्देश्य भाजपा को मजबूत करना है। वह छात्रों के कार्यक्रमों में शामिल होकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहते हैं। लेकिन बिहार की जनता उनकी मंशा को अच्छी तरह समझती है। उन्होंने कहा कि बिहार में नौकरी का मतलब तेजस्वी प्रसाद है। अपने 17 महीने के कार्यकाल में तेजस्वी यादव ने युवाओं को नौकरियों की सौगात दी है। उनकी लोकप्रियता से केंद्र सरकार डरी हुई है। प्रशांत किशोर जैसे लोगों को सामने लाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन यह संभव नहीं है।

नीतीश कुमार की यात्रा पर कटाक्ष
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा पर भी सांसद ने निशाना साधा। उन्होंने इसे पैसे की बर्बादी करार दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा के नाम पर ढाई सौ करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे बिहार का भला नहीं होगा। सांसद ने सुझाव दिया कि यह पैसा उद्योग-धंधे खोलने में लगाया जाता तो बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सकता था।

माई-बहन योजना और तेजस्वी यादव की सराहना की
तेजस्वी यादव की ‘माई-बहन योजना’ को लेकर जब सांसद से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हम सत्ता के लिए राजनीति नहीं करते। लालू प्रसाद ने हमेशा गरीबों के हित में काम किया है और तेजस्वी यादव युवाओं और महिलाओं को सम्मान देना चाहते हैं। यह योजना बिहार की आवश्यकता है, न कि केवल चुनावी राजनीति का हिस्सा।

कार्यकर्ता संवाद की तैयारियां पूरी
15 जनवरी को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जहानाबाद पहुंचने वाले हैं। इस यात्रा के माध्यम से तेजस्वी यादव कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित करेंगे और संगठन को मजबूत करने की रणनीति तैयार करेंगे। कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर ने की। बैठक में तैयारियों की समीक्षा की गई और कई निर्देश दिए गए। इस दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

सांसद सुरेंद्र यादव के साथ सदर विधायक कुमार कृष्ण मोहन, मखदुमपुर विधायक सतीश दास, घोड़ी विधायक रामबली सिंह यादव, जिला प्रवक्ता डॉ. शशि रंजन, परमहंस राय, बैकुंठ यादव, धर्मपाल यादव और अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading